धवन बोले- एशिया कप में अपनी बल्लेबाजी का जमकर लुत्फ उठाया
भारतीय ओपनर शिखर धवन ने एशिया कप में सबसे अधिक 342 रन बनाए।
Published On Sep 29, 2018, 02:12 AM IST
Last UpdatedSep 29, 2018, 02:12 AM IST
Shikhar Dhawan © Getty Images (file photo)
भारतीय क्रिकेट टीम के ओपनर शिखर धवन का कहना है कि उन्होंने एशिया कप टूर्नामेंट में अपनी बल्लेबाजी का जमकर लुत्फ उठाया।
शिखर ने यूएई में शुक्रवार को संपन्न एशिया कप में 5 मैच खेले और 68.40 की औसत से कुल 342 रन बनाए। इस टूर्नामेंट में सर्वाधिक रन बनाने के मामले में शिखर टॉप पर रहे।
उन्होंने इस टूर्नामेंट में 2 शतक लगाए। उन्हें मैन ऑफ द सीरीज चुना गया।
मैच के बाद शिखर ने कहा, ‘ वास्तव में मैंने टूर्नामेंट का जमकर लुत्फ उठाया। फाइनल शानदार रहा। मेरे लिए ये टूर्नामेंट अच्छा रहा। मैंने अपनी बल्लेबाजी का जमकर लुत्फ उठाया। मैं इसे आगे भी जारी रखना चाहता हूं। इंग्लैंड टूर ने मुझे परिपक्व बनाने में मदद की है। मैंने इस टूर्नामेंट में संतुलन बनाए रखा। दूसरे छोर से बतौर जोड़ी रोहित ने भी मदद की। उनका लगातार अच्छा प्रदर्शन मेरे लिए भी मायने रखता है। वो आक्रामक होकर खेलते हैं। कभी-कभी ये रोल मैं निभाता हूं। उनके लिए भी एशिया कप बेहतरीन रहा।’
शिखर खिताबी मुकाबले में बांग्लादेश के खिलाफ 15 रन बनाए। गौरतलब है कि हाल में सपंन्न इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज में शिखर का प्रदर्शन कुछ खास नहीं रहा था।
पिछले कई वर्षों से रोहित शर्मा और शिखर धवन सीमित ओवर के फॉर्मेट में भारत के लिए सलामी बल्लेबाजी कर रहे हैं। वनडे हो या टी20 दोनों फॉर्मेट में रोहित और धवन की जोड़ी लगातार अच्छा प्रदर्शन करती है।