• Home
  • News
  • Asia cup 2018: India vs Bangladesh, Final, Dubai, LIVE cricket score

भारत ने रोमांचक फाइनल में बांग्‍लादेश को 3 विकेट से हरा 7वीं बार जीता एशिया कप

भारत और बांग्लादेश के बीच एशिया कप का फाइनल मैच दुबई के अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम में खेला गया।

Edited By : Cricket Country Staff |Sep 28, 2018, 03:58 PM IST

Published On Sep 28, 2018, 03:58 PM IST

Last UpdatedSep 28, 2018, 03:58 PM IST

Asia cup 2018, India vs Bangladesh, Final, LIVE cricket score

India vs Bangladesh,

कुलदीप यादव और केदार जाधव  की शानदार गेंदबाजी के बाद आखिरी ओवरों में संयमित बल्लेबाजी के दम पर भारत ने रोमांचक मुकाबले में आखिरी गेंद पर बांग्लादेश को 3 विकेट से हराकर 7वीं बार एशिया कप जीत लिया।

जीत के लिए 223 रन के लक्ष्य के जवाब में भारत को आखिरी दो ओवर में नौ रन चाहिए थे लेकिन 49वें ओवर में तीन ही रन बने जिसके बाद आखिरी छह गेंद में छह रन की जरूरत थी।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

महमूदुल्लाह के इस ओवर की पहली गेंद पर कुलदीप यादव ने एक और दूसरी पर केदार जाधव ने एक रन लिया। तीसरी गेंद पर कुलदीप ने दो रन लिए लेकिन अगली गेंद पर रन नहीं बन सका।

इसके बाद 5वीं और छठी गेंद पर एक-एक रन लेकर कुलदीप और केदार ने भारत को जबर्दस्त जुझारूपन का प्रदर्शन करने वाली बांग्लादेशी टीम पर जीत दिलाई ।

बांग्‍लादेश को 222 रन पर समेट दिया था

कुलदीप और केदार की स्पिन जोड़ी ने लिटन दास के शतक के बावजूद बांग्लादेश को 222 रन पर समेट दिया था ।

भारत के लिए कप्तान रोहित शर्मा ने 55 गेंद में तीन चौकों और तीन छक्कों के साथ 48 रन बनाए। दिनेश कार्तिक ने 37 और महेंद्र सिंह धोनी ने 36 रन का योगदान दिया। चोट लगने के कारण कुछ देर मैदान छोड़कर जाने वाले केदार ने नाबाद 23 रन बनाए।

बांग्‍लादेश का आगाज अच्‍छा रहा

इससे पहले खिलाड़ियों की चोट से जूझ रही बांग्लादेशी टीम ने अच्छा आगाज किया। दास ने 117 गेंद में 121 रन बनाकर बांग्लादेश को अच्छी शुरूआत दी लेकिन बाद के बल्लेबाज लय कायम नहीं रख सके।

दास और मेहदी हसन मिराज (32) ने पहले विकेट के लिए 120 रन जोड़े ।ऐसा लगने लगा था कि बांग्लादेश बड़ा स्कोर बनाएगा लेकिन इसके बाद 10 विकेट 102 रन के भीतर गिर गए और पूरी पारी 48.3 ओवर में सिमट गई।

कुलदीप ने झटके 3 विकेट

चाइनामैन कुलदीप ने 45 रन देकर तीन विकेट लिए जबकि केदार ने नौ ओवर में 41 रन देकर दो विकेट चटकाए। बांग्लादेशी टीम गैर जिम्मेदाराना शॉट खेलकर विकेट गंवाती गई।

महेंद्र सिंह धोनी की कुशल स्टम्पिंग और रविंद्र जडेजा के चुस्त क्षेत्ररक्षण ने भी भारतीय टीम की मैच में वापसी कराई।

मिराज को ओपनिंग में भेजना मुर्तजा के लिए मास्‍टरस्‍ट्रोक साबित हुआ

मिराज को सलामी बल्लेबाज के तौर पर भेजना कप्तान मशरेफे मुर्तजा का मास्टरस्ट्रोक साबित हुआ। मिराज ने दास के साझेदार की भूमिका बखूबी निभाकर टीम को अच्छी शुरूआत दी। दोनों ने जसप्रीत बुमराह और भुवनेश्वर कुमार को चौके लगाए। युजवेंद्र चहल को आते ही मिडविकेट पर छक्का लगाया।

भारत को पहली सफलता केदार ने 21वें ओवर में दिलाई जब मिराज उनकी गेंद पर कवर में अंबाती रायुडू को कैच दे बैठे।

इमरूल कायेस (दो) को चहल ने एलबीडब्‍ल्‍यू आउट किया। फॉर्म में चल रहे मुशफिकर रहीम (दो) ने केदार की गेंद पर डीप मिडविकेट में कैच थमाया ।

एक समय पर बिना किसी नुकसान के 120 रन से बांग्लादेश का स्कोर तीन विकेट पर 137 रन हो गया।

मोहम्मद मिथुन (दो) आउट होने वाले अगले बल्लेबाज थे। जडेजा ने बेहतरीन क्षेत्ररक्षण का नमूना पेश करते हुए उन्हें रन आउट किया। महमूदुल्लाह ने कुलदीप की गेंद पर डीप मिडविकेट में बुमराह को कैच थमाया ।

दास ने अपनी पारी में 12 चौके और दो छक्के लगाए और वह स्टम्पिंग का शिकार हुए।

Editor's Pick