×

विकेटकीपर मुशफिकुर रहीम ने शतकीय पारी खेल बनाए कई रिकॉर्ड

बांग्‍लादेश के अनुभवी विकेटकीपर ने श्रीलंका के खिलाफ खेली वनडे करियर की बेस्‍ट पारी।

user-circle cricketcountry.com Written by Kamlesh Rai
Last Updated on - September 15, 2018 10:42 PM IST

बांग्‍लादेश के अनुभवी विकेटकीपर बल्‍लेबाज मुशफिकुर रहीम ने मौजूदा एशिया कप के पहले ही मैच में शतक जड़कर अपने इरादे जता दिए हैं कि आगे आने वाले मैचों में वो अन्‍य टीमों के लिए मुश्किलें खड़ी कर सकते हैं।

दुबई में जारी एशिया कप के उद्घाटन मैच में मुशफिकुर ने श्रीलंका के खिलाफ 150 गेंदों पर 144 रन की वनडे करियर की बेस्‍ट पारी खेली। मुशफिकुर की इस शानदार पारी की बदौलत बांग्‍लादेशी टीम 261 रन बनाने में सफल रही।

31 साल के मुशफिकुर ने इस दौरान कई रिकॉर्ड अपने नाम किए। मुशफिकुर बांग्‍लादेश की ओर से वनडे इंटरनेशनल में सबसे अधिक रन की पारी खेलने वाले दूसरे बल्‍लेबाज बन गए हैं।

ओपनर तमीम इकबाल ने वनडे में 154 रन की पारी 2009 में जिम्‍बाब्‍वे के खिलाफ बुलावायो में खेली थी जो बांग्‍लादेश की ओर से किसी बल्‍लेबाज का वनडे इंटरनेशनल में सर्वाधिक निजी स्‍कोर है। अब तमीम के बाद मुशफिकुर दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं।

मुशफिकुर ने इस दौरान अनुभवी ऑलराउंडर शाकिब अल हसन को पीछे छोड़ा जिन्‍होंने कनाडा के खिलाफ 2007 में नाबाद 134 रन की पारी खेली थी।

यूनुस खान की बराबरी की

मुशफिकुर रहीम ने एशिया कप में सबसे बड़ी पारी खेलने की लिस्‍ट में पाकिस्‍तान के पूर्व कप्‍तान यूनुस खान की बराबरी की। एशिया कप में यूनुस खान ने 2004 में हांगकांग के खिलाफ 144 रन की पारी खेली थी।

एशिया कप में सबसे अधिक रन की पारी खेलने वालों की लिस्‍ट में भारत के विराट कोहली नंबर वन हैं। कोहली ने 2012 में मीरपुर में पाकिस्‍तान के खिलाफ 183 रन की पारी खेली थी।

संगकारा को पीछे छोड़ा

बांग्‍लादेश के अनुभवी बल्‍लेबाज मुशफिकुर ने अपनी इस पारी के दौरान श्रीलंका के महान विकेटकीपर कुमार संगकारा को भी पीछे छोड़ दिया। मुशफिकुर एशिया कप में सबसे बड़ी पारी खेलने वाले पहले विकेटकीपर बन गए हैं। इससे पहले संगकारा ने 2008 में बांग्‍लादेश के खिलाफ 121 रन की पारी खेली थी।