×

कभी न कभी आपको मुझे चुनना ही होगा, टीम इंडिया में चयन को लेकर कॉन्फिडेंट हैं रियान पराग

22 वर्षीय युवा खिलाड़ी ने राजस्थान रॉयल्स के लिए चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (आईपीएल) में 150 के करीब स्ट्राइक रेट से 573 रन बनाये हैं.

user-circle cricketcountry.com Written by Press Trust of India
Last Updated on - May 29, 2024 10:11 PM IST

मुंबई. आईपीएल 2024 में राजस्थान रॉयल्स के युवा खिलाड़ी रियान पराग ने शानदार प्रदर्शन किया. वह टूर्नामेंट में सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में विराट कोहली और रुतुराज गायकवाड़ के बाद तीसरे स्थान पर रहे. असम के युवा खिलाड़ी रियान पराग को अपने कौशल और काबिलियत पर इतना भरोसा है कि वह पूरे आत्मविश्वास से कहते हैं कि ‘चाहे कुछ भी हो जाये, मैं भारत के लिए खेलूंगा। ’’

पराग ने पीटीआई से कहा, कभी न कभी आपको मुझे चुनना ही होगा, यह मेरा विश्वास है, मैं भारत के लिए खेलूंगा, पर ये पता नहीं कि कब खेलूंगा. असम के 22 वर्षीय युवा खिलाड़ी ने राजस्थान रॉयल्स के लिए चौथे नंबर पर बल्लेबाजी करते हुए इंडियन प्रीमियर लीग 2024 (आईपीएल) में 150 के करीब स्ट्राइक रेट से 573 रन बनाये हैं. इस सीजन उनके बल्ले से चार अर्धशतक आया और उन्होंने कई मैच विनिंग पारी भी खेली.

यह मेरा अहंकार नहीं है, खुद पर विश्वास है: रियान पराग

पराग ने बुधवार को यहां ‘रेड बुल कैंपस क्रिकेट टूर्नामेंट’ के इतर कहा, जब मैं रन नहीं बना रहा था तो मैंने पहले साक्षात्कार में भी कहा था कि मैं भारत के लिए जरूर खेलूंगा. उन्होंने कहा, यह मेरा खुद पर विश्वास है, यह मेरा अहंकार नहीं है, जब मैंने 10 साल की उम्र में क्रिकेट खेलना शुरू किया था, तब मेरे पिता (रेलवे और असम के पूर्व खिलाड़ी पराग दास) के साथ मेरी यही योजना थी.

जिम्बाब्वे दौरे पर चुने जा सकते हैं रियान पराग

ऐसी संभावना है कि रियान को अभिषेक शर्मा और हर्षित राणा के साथ जिम्बाब्वे दौरे के लिए चुना जायेगा. पराग ने कहा, यह अगला दौरा होगा या छह महीने में एक दौरा होगा या फिर एक साल में एक दौरा होगा, मैं कब खेलूंगा, इस पर मैंने विचार नहीं किया है, यह चयनकर्ताओं का काम है, यह अन्य लोगों का काम है.