• Home
  • News
  • Auqib Nabi Credits Irfan Pathan for Jammu Kashmir Debut

उधार के जूतों से आईपीएल तक का सफर, आकिब नबी ने इरफान पठान को दिया क्रेडिट

आकिब नबी ने कहा कि उन्होंने क्रिकेट की शुरुआत पहले टेनिस बॉल से की थी. इसके साथ ही उन्होंने कहा जम्मू-कश्मीर के लिए खेलने में इरफान पठान ने काफी मदद की.

Edited By : Bharat Malhotra |Apr 03, 2026, 10:42 PM IST

Published On Apr 03, 2026, 10:42 PM IST

Last UpdatedApr 03, 2026, 10:42 PM IST

auqib nabi credits irfan pathan

auqib nabi credits irfan pathan

मुंबई: आकिब नबी का नाम बीते कुछ वक्त में काफी सुना जा रहा है. हो भी क्यों ना. आखिर जम्मू-कश्मीर के इस पेसर ने प्रदर्शन ही ऐसा किया है. उन्होंने क्रिकेट की अपनी शुरुआती जिंदगी और प्रेरणा के बारे में खुलकर बात की. उन्होंने कहा कि उनका बचपन क्रिकेट खेलने में बीता और उन्होंने अपने आदर्श डेल स्टेन और परवेज रसूल से बहुत प्रेरणा ली. उन्होंने बताया कि राज्य की तरफ से डेब्यू करने में पूर्व भारतीय क्रिकेटर इरफान पठान ने उनकी काफी मदद की.

आकिब नबी ने ‘जियोस्टार’ से बात करते हुए कहा, ‘मैंने 5वीं या छठी क्लास में टेनिस बॉल से क्रिकेट खेलना शुरू किया था. बारामूला में प्रैक्टिस के लिए कोई खास जगह नहीं थी. इसी कारण हम सड़क पर या स्कूल के एक छोटे से मैदान में खेलते थे. जब मैं छोटा था, तो मैं डेल स्टेन को बहुत देखता था. जिस तरह से वह इतनी तेज रफ्तार से गेंद को स्विंग कराते थे, उससे मुझे तेज गेंदबाज बनने की प्रेरणा मिली और उम्मीद है कि एक दिन मैं भारत के लिए खेलूंगा. लगातार क्रिकेट खेलने के लिए मेरे पिता मुझे बहुत डांटते थे. मुझे उनका साथ नहीं मिला था. वह चाहते थे कि मैं डॉक्टर बनूं.’

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

परवेज रसूल और इरफान पठान से मिली प्रेरणा

परवेज रसूल और इरफान पठान से मिली प्रेरणा के बारे में नबी ने कहा, ‘परवेज रसूल ने आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के लिए अच्छा प्रदर्शन करके भारत के लिए डेब्यू किया था. उन्हें ऐसा करते देखकर मुझे भारत के लिए खेलने की बहुत प्रेरणा मिली. परवेज भाई हममें से ही एक हैं, जो जम्मू-कश्मीर के एक स्थानीय गांव से आते हैं. मैंने पहली बार अपनी पहचान तब बनाई, जब मैं अंडर-19 टीम में था और जम्मू-कश्मीर क्रिकेट टीम के ट्रायल्स के लिए चुना गया. उस समय मेरे पास स्पाइक्स वाले जूते नहीं थे, इसलिए मैंने एक सीनियर से जूते उधार लिए.’

आकिब नबी ने बताया, ‘मैंने जम्मू-कश्मीर के लिए अपना जूनियर डेब्यू उन स्पाइक्स को पहनकर किया, जो मैंने एक दोस्त से उधार लिए थे. जब इरफान भाई जम्मू-कश्मीर टीम के मेंटर बने, तब मैं अंडर-23 टीम में था और वहां मेरे प्रदर्शन ने उनका ध्यान खींचा. उन्होंने जम्मू-कश्मीर की सीनियर टीम में मेरा डेब्यू करवाने में मदद की. वह मुझे टिप्स देकर बहुत गाइड करते थे और बहुत मददगार थे. वह टीम इंडिया के एक दिग्गज खिलाड़ी हैं, और उनके साथ मेरा अनुभव बहुत अच्छा रहा.’

पिछले साल दुबई में हुए मिनी ऑक्शन में दिल्ली कैपिटल्स ने नबी को 8.2 करोड़ रुपए में खरीदा था. दलीप ट्रॉफी में अपने शानदार प्रदर्शन के बाद आईपीएल ऑक्शन में चुने जाने के उस भावुक पल के बारे में नबी ने कहा, ‘इस साल मैंने नॉर्थ जोन टीम की तरफ से खेलते हुए दलीप ट्रॉफी में एक अनोखा रिकॉर्ड बनाया. मैंने लगातार चार गेंदों पर चार विकेट लिए. उसके बाद मीडिया में हर जगह मेरा ही नाम था. जब ऐसा हुआ, तो मुझे भरोसा हो गया कि शायद मैं आईपीएल ऑक्शन में चुन लिया जाऊंगा.’

उन्होंने बताया कि जब ऑक्शन हो रहा था तो उस वक्त वह क्या कर रहे थे. उन्होंने कहा, ‘ऑक्शन के दिन मैं अपने परिवार के साथ घर पर था और ऑक्शन देख रहा था. जब मेरा नाम आया, तो कुछ सेकंड तक किसी ने पैडल नहीं उठाया. इसलिए मैंने सोचा कि कोई बात नहीं, मैं और मेहनत करूंगा और यह पक्का करूंगा कि मैं बिना बिके न रहूं. हालांकि, कुछ सेकंड बाद ही, टीमों ने पैडल उठा लिए. घर पर मौजूद हर कोई भावुक हो गया. यह सालों की मेहनत का फल था. कीमत का कोई दबाव नहीं है. मैं बस आईपीएल में खेलना चाहता था और अब मैं अपना नाम बनाना चाहता हूं और भारत के लिए खेलना चाहता हूं.’

BM

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick