- क्रिकेट न्यूज़
- News
- AUS vs PAK Australia beat Pakistan in first t20i in Brisbane glenn maxwell shines
AUS vs PAK: ब्रिस्बेन में मैक्सवेल ने मचाया तूफान, पाकिस्तानी गेंदबाजों की जमकर की कुटाई
ब्रिस्बेन में पाकिस्तान के खिलाफ पहले टी20 इंटरनेशनल मुकाबले में ऑस्ट्रेलिया ने एकतरफा अंदाज में जीत अर्जित की.
Published On Nov 14, 2024, 06:16 PM IST
Last UpdatedNov 14, 2024, 06:16 PM IST
Image Credit: X
AUS vs PAK 1st T20I: ऑस्ट्रेलिया और पाकिस्तान के बीच तीन मैचों की टी20 सीरीज का आगाज हो चुका है. दोनों टीमों के बीच आज ब्रिस्बेन में पहला मुकाबला खेला गया. बारिश के कारण यह मैच 7-7 ओवर का हुआ. जिसमें कंगारू टीम ने बल्लेबाजी में गजब का तूफान मचाते हुए एकतरफा अंदाज में जीत दर्ज की.
मुकाबले में ऑस्ट्रेलियाई टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 7 ओवर में 93 रन ठोक दिए. ऑस्ट्रेलिया की ओर से स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने बल्ले से तूफानी पारी खेलते हुए पाकिस्तानी गेंदबाजों की हालत खराब कर दी.
मैक्सवेल ने लूटी गाबा में महफिल
ऑस्ट्रेलिया के स्टार ऑलराउंडर ग्लेन मैक्सवेल ने 7 ओवर के हुए इस मुकाबले में सिर्फ 19 गेंद पर 5 चौके और 3 छक्के की मदद से 43 रन जड़ दिए. मैक्सवेल ने अपनी बल्लेबाजी के दौरान कई आकर्षक शॉट्स लगाए. उन्होंने पाकिस्तानी टीम के हर गेंदबाज को जमकर धुनाई की. खासतौर पर नसीम शाह की मैक्सवेल ने खूब खबर ली और उन्होंने शाह के दिन को बर्बाद कर दिया.
मैक्सवेल के अलावा मार्कस स्टोयनिस ने भी अंत के ओवर्स में दमदार बल्लेबाजी की. स्टोयनिस ने 7 गेंद पर 2 चौके और 1 छक्के की मदद से 21 रन की पारी खेली. स्टोयनिस और मैक्सवेल की पारी के दमपर कंगारू टीम ने पाकिस्तान के सामने 7 ओवर में 93 रन ठोक दिए.
पाकिस्तान की बल्लेबाजी बेहद खराब
पाकिस्तानी टीम के बल्लेबाजों का हाल इस मुकाबले में बेहाल नजर आया. टीम के शुरुआती 6 विकेट सिर्फ 24 रन पर गिर गए थे. आलम यह था कि पाकिस्तान की टीम 50 रन तक भी पहुंचते नजर नहीं आ रही थी. वो तो भला हो अब्बास अफरीदी का जिन्होंने अंत में पाकिस्तान टीम के लिए 20 रन की पारी खेली और स्कोर 64 रन तक पहुंचाया. हालांकि अब्बास टीम को जीत नहीं दिला पाए और पाकिस्तान की टीम को पहले मैच में 29 रन से करारी शिकस्त का सामना करना पड़ा.