AUS vs WI: ओपनिंग में नहीं चला स्मिथ का जादू, वेस्टइंडीज 188 रन पर ढेर

शेमार जोसेफ ने टेस्ट क्रिकेट में अपनी पहली ही गेंद पर ओपनर स्टीव स्मिथ को चलता किया. स्टीव स्मिथ महज 12 रन ही बना सके.

Edited By : Vanson Soral |Jan 17, 2024, 02:50 PM IST

Published On Jan 17, 2024, 02:50 PM IST

Last UpdatedJan 17, 2024, 02:50 PM IST

Steve Smith

PIC- Cricket Australia

एडिलेड। कप्तान पैट कमिंस और जोश हेजलवुड के चार-चार विकेट की मदद से ऑस्ट्रेलिया ने बुधवार को यहां वेस्टइंडीज को पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के शुरुआती दिन पहली पारी में 188 रन पर ढेर कर दिया. ऑस्ट्रेलिया की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और उसने पहले दिन का खेल समाप्त होने तक दो विकेट पर 59 रन बनाए थे। वह अभी वेस्टइंडीज से 129 रन पीछे है.

बतौर ओपनर स्मिथ हुए फेल

डेविड वार्नर के संन्यास लेने के बाद पारी का आगाज करने के लिए उतरे स्टीव स्मिथ (12) अपनी नई भूमिका में सफल नहीं रहे. उन्होंने शेमार जोसेफ की गेंद पर तीसरी स्लिप में कैच दिया. जोसेफ ने इस तरह से टेस्ट क्रिकेट में अपनी पहली गेंद पर विकेट लेने का कारनामा किया.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

इस 24 वर्षीय तेज गेंदबाज ने इसके बाद मार्नस लाबुशेन (10) को भी पवेलियन भेजा. उन्होंने अब तक 18 रन देकर दो विकेट लिए हैं. स्टंप उखड़ने के समय उस्मान ख्वाजा 30 और कैमरन ग्रीन छह रन पर खेल रहे थे. ग्रीन पिछले साल जून में इंग्लैंड के खिलाफ एशेज सीरीज के बाद पहली बार टेस्ट मैच खेल रहे हैं.

कमिंस-हेजलवुड को मिले 4-4 विकेट

पाकिस्तान के खिलाफ पिछली सीरीज में ऑस्ट्रेलिया की 3-0 से जीत में 19 विकेट लेने वाले कमिंस ने अपनी शानदार फॉर्म जारी रखते हुए 41 रन देकर चार विकेट लिए. हेजलवुड ने 44 रन देकर चार विकेट हासिल किये. मिशेल स्टार्क और नाथन लियोन ने एक-एक विकेट लिया.

टॉस गंवाने के बाद पहले बल्लेबाजी के लिए उतरे वेस्टइंडीज की तरफ से किर्क मैकेंजी ने सर्वाधिक 50 रन बनाए. अपना पहला टेस्ट मैच खेल रहे शेमार जोसेफ ने 11वें नंबर पर बल्लेबाजी के लिए उतरकर 41 गेंद पर 36 रन की आक्रामक पारी खेली. उन्होंने केमार रोच (नाबाद 17) के साथ दसवें विकेट के लिए 55 रन की साझेदारी की.

Editor's Pick