- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Australia A vs India A, 2nd unofficial Test: Match drawn
मैच रिपोर्ट, चौथा दिन: बारिश में धुला अंतिम दिन, ऑस्ट्रेलिया ए ने भारत ए के खिलाफ 1-0 से जीती सीरीज
पहले मैच को तीन विकेट से जीतने वाली ऑस्ट्रेलिया टीम ने सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली।
Published On Sep 18, 2016, 01:23 PM IST
Last UpdatedSep 18, 2016, 01:23 PM IST

भारत ए और ऑस्ट्रेलिया ए के बीच ब्रिस्बेन में खेले जा रहे दूसरे अनाधिकारिक टेस्ट मैच के अंतिम दिन का खेल बारिश के कारण धुल गया जिसके कारण अंपायरों ने मैच को ड्रॉ करार दे दिया। मैच के तीसरे दिन भारतीय टीम ने अपनी दूसरी पारी में 4 विकेट के नुकसान पर 158 रन बना लिए थे और उन पर 108 रनों की लीड अभी भी थी। सीरीज में ऑस्ट्रेलिया पहले से ही पहला टेस्ट मैच जीतकर 1-0 से बढ़त बनाए हुए था। इस मैच के ड्रॉ हो जाने के साथ ही ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज 1-0 से अपने नाम कर ली।
इस मैच में भारतीय गेंदबाज शार्दुल ठाकुर ने एक बार फिर से बढ़िया गेंदबाजी की और पांच विकेट लिए। गौरतलब है कि ठाकुक को वेस्टइंडीज दौरे के लिए भारतीय टीम में शामिल किया गया था लेकिन उन्हें बिना मैच खिलाए ही अगली सीरीज में टीम से बाहर कर दिया गया। जैसा कि उन्होंने इस सीरीज में अब तक अच्छा प्रदर्शन किया है ऐसे में वह फिर से टीम में अपनी दावेदारी प्रस्तुत कर सकते हैं।
तीसरा दिन: तीसरे दिन के खेल की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के कल के स्कोर 318/5 के स्कोर से आगे की। ऑस्ट्रेलिया की पूरी टीम 435 रनों पर सिमट गई। ऑस्ट्रेलिया की ओर से हिल्टन कार्टराइट ने सर्वाधिक 117 रन बनाए वहीं निक मेडिंसन ने 81 और ब्यू वेबस्टर ने 79 रनों की पारी खेली। इनके अलावा सैम व्हाइटमेन ने 51 रन बनाए। भारत की ओर से शार्दुल ठाकुर ने सर्वाधिक 5 विकेट लिए। वहीं जयंत यादव ने 3 व अन्य गेंदबाजों वरुन अरोन, हार्दिक पांड्या ने एक- एक विकेट लिया। जवाब में दूसरी पारी में बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम को अखिल और फैज फजल ने अच्छी शुरुआत दी और पहले विकेट के लिए 84 रन जोड़े। फजल 29 रन बनाकर आउट हुए। लेकिन अगले कुछ समय में भारत ने जल्दी- जल्दी अपने तीन विकेट और गंवा दिए और टीम इंडिया का स्कोर 100-4 हो गया। ऐसे में हेडगेवार के साथ मिलकर जयंत यादव ने पारी संभाली और नाबाद 34 रनों के साथ दिन के खेल की समाप्ति पर स्कोर को 158/4 पर ले गए।
दूसरा दिन: खेल के दूसरे दिन टीम इंडिया 169 रनों पर पहली पारी में ऑलआउट हो गई। हार्दिक पांड्या ने भारतीय टीम की ओर से सर्वाधिक 79 रन बनाए। जवाब में पहली पारी में बल्लेबाजी करने उतरी ऑस्ट्रेलिया ए ने अपने शुरुआती दो विकेट 11 रनों पर ही गंवा दिए। उनके बाद निक मेंडिंसन ने 81 और ब्यू वेबस्टर ने 79 रनों की पारी खेली और टीम को एक बड़े स्कोर की ओर अग्रसर किया। दूसरे दिन की खेल की समाप्ति तक ऑस्ट्रेलिया ए ने पहली पारी के आधार पर 150 रनों की बढ़त ले ली। भारत की ओर से अभी तक शार्दुल ठाकुर ने सर्वाधिक 3 विकेट लिए हैं। वहीं हार्दिक पांड्या और जयंत यादव को एक- एक विकेट मिला है।
पहला दिन: मैच के पहले दिन ऑस्ट्रेलिया ने टॉस जीता और पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही जब सलामी बल्लेबाज फैज फजल शून्य पर आउट हो गए। उनके आउट होने के बाद विकटों की झड़ी सी लग गई और भारतीय टीम ने 11 रनों पर अपने चार विकेट गंवा दिए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए संजू सैंपसन(13) और कप्तान नमन ओझा(19) ने पारी को संभालने की कोशिश की और स्कोर को 43 पर ले गए।
लेकिन इसी बीच संजू सैंपसन आउट हो गए और दो ओवर बाद ही ओझा भी चलते बने। उनके बाद बल्लेबाजी करने आए जयंत यादव और हार्दिक पांड्या ने टीम की नैय्या को पार लगाने का बीड़ा उठाया और सातवें विकेट के लिए अर्धशतकीय साझेदारी निभाते हुए स्कोर को 124 तक पहुंचाया। लेकिन इसी स्कोर पर जयंत यादव(28) चलते बने। हार्दिक पांड्या ने इस दौरान एक छोर संभाले रखा और लगातार स्ट्रोक खेले। लेकिन दूसरे छोर से विकट गिरने का सिलसिला नहीं थमा। पहले दिन का खेल खराब रौशनी के कारण पहले रोक देना पड़ा और दिन में कुल 66 ओवर फेके गए।