add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

Ashes 2023: लॉर्ड्स टेस्ट में भी इंग्लैंड की हार, ऑस्ट्रेलिया ने सीरीज में बनाई 2-0 की बढ़त

ऑस्ट्रेलिया ने 371 रनों का विशाल लक्ष्य दिया. जवाब में इंग्लैंड की टीम दूसरी पारी में 327 रन पर ढेर हो गई.

user-circle cricketcountry.com Written by Vanson Soral
Last Updated on - July 2, 2023 11:55 PM IST

ऑस्ट्रेलिया ने रोमांचक लॉर्ड्स टेस्ट में इंग्लैंड को 43 रनों से हराकर एशेज सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली. ऑस्ट्रेलिया ने अपनी दूसरी पारी में 279 रनों का स्कोर बनाते हुए 371 रनों का विशाल लक्ष्य दिया. जवाब में इंग्लैंड की टीम दूसरी पारी में 327 रन पर ढेर हो गई. कप्तान बेन स्टोक्स ने 150 से ज्यादा रनों की शानदार पारी खेलते हुए जीत की उम्मीद जरूर जगाई लेकिन ऑस्ट्रेलिया ने कसी हुई गेंदबाजी से इंग्लैंड के मंसूबों पर पानी फेर दिया.

इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने अपनी पहली पारी में 416 रनों का स्कोर खड़ा किया था जबकि मेजबान इंग्लैंड की पहली पारी 325 रनों पर सिमट गई थी. पहली पारी के आधार पर कंगारू टीम 91 रनों की बढ़त हासिल करने में सफल रही थी.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

 

स्टोक्स ने अपनी पारी के दौरान 2019 के हेडिंग्ले टेस्ट मैच की यादें ताजा कर दी जब उन्होंने ऐसी ही परिस्थितियों में यादगार शतकीय पारी खेलकर टीम को एक विकेट से जीत दिलाई थी. जीत के लिए 371 रन के रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करते हुए इंग्लैंड की दूसरी पारी 327 रन पर सिमट गयी.

स्टोक्स ने 214 गेंद में 155 रन की पारी के दौरान नौ छक्के और इतने ही चौके जड़े. वह जोश हेजलवुड की शॉर्ट गेंद पर विकेटकीपर एलेक्स कैरी को कैच देकर आउट हुए. उनके आउट होते ही स्टेडियम में सन्नाटा पसर गया. स्टोक्स जब पवेलियन की तरफ लौट रहे थे तब लॉर्ड्स में खचाखच भरे दर्शकों ने खड़े होकर उनके सम्मान में तालियां बजायी. वह टीम के सातवें बल्लेबाज के तौर पर आउट हुए और उनके पवेलियन जाते ही ऑस्ट्रेलिया की जीत पर लगभग मुहर लग गयी थी. टीम को हालांकि अगले तीन विकेट झटकने में एक घंटे का समय लग गया.

इंग्लैंड ने दिन की शुरुआत चार विकेट पर 114 रन से आगे से की. स्टोक्स ने बेन डकेट (83) के साथ पांचवें विकेट के लिए 132 रन की साझेदारी कर मैच में इंग्लैंड की वापसी कराई थी. ऑस्ट्रेलिया ने दिन के शुरूआती सत्र में बेन डकेट (83) और जॉनी बेयरस्टो (10) को चलता किया.

इनपुट- भाषा