- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Australia beat West Indies by three wickets in 5th T20I complete 5-0 sweep
WI VS AUS: ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को 5-0 से किया 'क्लीन स्वीप', भारत के खास रिकॉर्ड की बराबरी की
वेस्टइंडीज की टीम पांचवें टी-20 मैच में ऑस्ट्रेलिया के सामने जीत के लिए 171 रन का लक्ष्य रखा था, ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 17 ओवर में ही लक्ष्य को हासिल कर लिया.
Published On Jul 29, 2025, 10:16 AM IST
Last UpdatedJul 29, 2025, 10:16 AM IST
Australia cricket team
WI VS AUS 5th T20I: ऑस्ट्रेलिया ने वेस्टइंडीज को पांचवें टी-20 मैच में तीन विकेट से हरा दिया. सेंट किट्स में खेले गए इस मुकाबले में जीत के साथ ऑस्ट्रेलियाई टीम ने टी20 सीरीज में 5-0 से क्लीन स्वीप कर लिया है. ऑस्ट्रेलियाई टीम ने इस दौरे की शुरुआत में तीन मुकाबलों की टेस्ट सीरीज खेली, जिसमें उसने वेस्टइंडीज को 3-0 से क्लीन स्वीप किया, इसके बाद अब ऑस्ट्रेलिया ने टी-20 सीरीज 5-0 से अपने नाम की है.
आखिरी टी-20 मैच जीतकर मेजबान वेस्टइंडीज के पास सम्मान बचाने का मौका था, लेकिन टीम इससे चूक गई.
ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खास रिकॉर्ड की बराबरी की
ऑस्ट्रेलिया की टीम घर से बाहर पांच मैचों की टी-20 सीरीज को 5-0 से जीतने वाली भारत के बाद दूसरी बड़ी टीम बन गई है. भारतीय टीम ने साल 2020 में न्यूजीलैंड में पांच मैचों की टी-20 सीरीज को 5-0 से जीता था. मलेशिया, केमैन, आइलैंड्स, तंजानिया और स्पेन जैसी छोटी टीमें भी 5-0 से टी-20 सीरीज जीतने का कारनामा कर चुकी है.
शिमरन हेटमायर ने जड़ा अर्धशतक
पांचवें टी20 मुकाबले में टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी के लिए उतरी वेस्टइंडीज की टीम 19.4 ओवरों में 170 रन पर सिमट गई. टीम 64 के स्कोर तक अपने चार विकेट गंवा चुकी थी, कप्तान शाई होप (9), ब्रैंडन किंग (11), कीसी कार्टी (1) और शेरफेन रदरफोर्ड (35) रन बनाकर पवेलियन लौट चुके थे. इसके बाद शिमरोन हेटमायर ने जेसन होल्डर के साथ पांचवें विकेट के लिए 47 रन जोड़ते हुए टीम को संकट से उबारा. हेटमायर ने 31 गेंदों में 52 रन की पारी खेली, जिसमें तीन छक्के और तीन चौके शामिल रहे, जेसन होल्डर 20 रन बनाकर पवेलियन लौटे. ऑस्ट्रेलिया के लिए बेन ड्वारशुइस ने तीन विकेट अपने नाम किए, जबकि नाथन एलिस ने दो शिकार किए.
ऑस्ट्रेलिया ने 17 ओवर में हासिल किया लक्ष्य
ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 17 ओवरों में ही लक्ष्य को हासिल कर लिया. ऑस्ट्रेलिया की टीम ने 60 के स्कोर तक अपने चार विकेट गंवा दिए थे, यहां से कैमरून ग्रीन ने मिचेल ओवन के साथ पांचवें विकेट के लिए 63 रन की साझेदारी करते हुए टीम को संभाला. कैमरून ग्रीन 18 गेंदों में 32 रन बनाकर आउट हुए, जबकि मिचेल ओवन ने 17 गेंदों में 37 रन की पारी खेली. आरोन हार्डी ने 25 गेंदों में 28 रन की नाबाद पारी खेलते हुए टीम को जीत दिलाई. वेस्टइंडीज के लिए अकील हुसैन ने सर्वाधिक तीन शिकार किए, जबकि अल्जारी जोसेफ और जेसन होल्डर ने दो-दो विकेट झटके.