ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को 4 विकेट से हराया, टी20 सीरीज में 1-0 की बढ़त

एडम जांपा और जोएल डेविस की शानदार गेंदबाजी के बाद कूपर कोनोली की 47 रन की पारी की बदौलत ऑस्ट्रेलिया ने पहले टी20 में बांग्लादेश को 4 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। बांग्लादेश की टीम 131 रन पर सिमट गई थी, जिसे ऑस्ट्रेलिया ने 18.2 ओवर में हासिल कर लिया।

Edited By : Ansh Kapoor |Jun 17, 2026, 05:50 PM IST

Published On Jun 17, 2026, 05:50 PM IST

Last UpdatedJun 17, 2026, 05:50 PM IST

AUS vs BAN

AUS vs BAN

ऑस्ट्रेलिया ने बुधवार को बीर श्रेष्ठो फ्लाइट लेफ्टिनेंट मतीउर रहमान स्टेडियम में बांग्लादेश के विरुद्ध टी20 सीरीज के पहले मैच को 4 विकेट से अपने नाम किया। ऑस्ट्रेलिया की जीत में एडम जांपा और जोएल डेविस का अहम योगदान रहा, जिन्होंने मिलकर 6 विकेट हासिल किए। मेहमान टीम ने तीन मुकाबलों की सीरीज में 1-0 से बढ़त हासिल कर ली है।

वनडे सीरीज 1-2 से गंवाने के बाद ऑस्ट्रेलियाई टीम बांग्लादेश के दौरे पर टी20 सीरीज जीतकर अपनी लाज बचाना चाहेगी। टी20 सीरीज के अगले दो मुकाबले 19 और 21 जून को इसी मैदान पर खेले जाने हैं। चट्टोग्राम में टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी बांग्लादेशी टीम 19 ओवरों में 131 रन पर सिमट गई। सलामी जोड़ी के रूप में सैफ हसन ने तंजीद हसन के साथ पहले विकेट के लिए 26 रन की साझेदारी की। तंजीद 10 रन बनाकर पवेलियन लौटे। इस जोड़ी के टूटने के बाद टीम निरंतर अंतराल पर विकेट गंवाती रही। इस दौरान परवेज हुसैन और अब्दुल गफ्फार 10-10 रन बनाकर पवेलियन लौटे, जबकि सौम्य सरकार ने 17 रन की पारी खेली। बांग्लादेशी टीम 108 के स्कोर तक अपने 9 विकेट गंवा चुकी थी, जिसके बाद मेहदी हसन ने मुस्तफिजुर रहमान के साथ अंतिम विकेट के लिए 12 गेंदों में 23 रन जुटाकर टीम को सम्मानजनक स्कोर तक पहुंचाया। मेहदी हसन 22 गेंदों में 4 चौकों के साथ 29 रन बनाकर नाबाद रहे।

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

विपक्षी खेमे से एडम जांपा (18/3) और जोएल डेविस (17/3) ने 3-3 विकेट निकाले, जबकि मैट रेनशॉ ने 2 विकेट अपने नाम किए। स्पेंसर जॉनसन और निखिल चौधरी ने 1-1 विकेट हासिल किया। इसके जवाब में ऑस्ट्रेलिया ने 18.2 ओवरों में मुकाबला अपने नाम कर लिया। ऑस्ट्रेलियाई टीम को 13 के स्कोर पर जोश इंगलिस (5) के रूप में पहला झटका लगा। इसके बाद कप्तान मिचेल मार्श (13) ने कूपर कोनोली के साथ दूसरे विकेट के लिए 25 रन जुटाए। ऑस्ट्रेलिया ने 4.5 ओवरों में 38 के स्कोर तक अपने 2 विकेट गंवा दिए थे।

कूपर कोनोली की 47 रन की पारी, ऑस्ट्रेलिया ने बांग्लादेश को हराया

यहां से कोनोली ने टिम डेविड के साथ तीसरे विकेट के लिए 28 गेंदों में 40 रन जोड़कर टीम को संभाला। कोनोली 27 गेंदों में 3 छक्कों और 4 चौकों के साथ 47 रन बनाकर आउट हुए। इसके बाद मैट रेनेशॉ और निखिल चौधरी ने टीम के खाते में 18-18 रन जोड़कर ऑस्ट्रेलिया को जीत के करीब पहुंचाया। जोएल डेविस (नाबाद 7) और जैवियर बार्टलेट (नाबाद 4) ने 10 गेंदें शेष रहते मेहमानों को जीत दिलाई। बांग्लादश की तरफ से अब्दुल सकलेन ने 2 विकेट हासिल किए। शोरिफुल इस्लाम, मुस्तफिजुर रहमान, मेहदी हसन और रिशद हुसैन ने 1-1 विकेट निकाला।

Ansh Kapoor

Ansh Kapoor

अंश कपूर पिछले कुछ वर्षों से डिजिटल मीडिया और पत्रकारिता से जुड़े हुए हैं। उन्हें बचपन से ही रेडियो सुनने और म्यूजिकल इंस्ट्रूमेंट्स बजाने का शौक रहा है। खबरों को सिर्फ स्टूडियो में बैठकर बताने के बजाय उन्हें ग्राउंड रिपोर्ट करना, लोगों से मिलना और घटनाओं को करीब से समझना ज्यादा पसंद है। अपने करियर में अंश ने राजनीति और मनोरंजन से जुड़ी खबरों पर काम किया है। उन्होंने पॉडकास्ट और डिजिटल कंटेंट के जरिए भी दर्शकों तक अपनी बात पहुंचाई है। वर्तमान में वह क्रिकेट पत्रकारिता से जुड़े हैं और क्रिकेट की खबरों, खिलाड़ियों की कहानियों, मैच विश्लेषण और खेल जगत की बड़ी घटनाओं पर काम कर रहे हैं। अंश का मानना है कि अच्छी पत्रकारिता वही है जो आसान भाषा में लोगों तक सही जानकारी पहुंचाए। यही वजह है कि वह अपने कंटेंट को सरल, दिलचस्प और दर्शकों के लिए उपयोगी बनाने की कोशिश करते हैं।

Editor's Pick