×

Ashes 2025-26: स्टार्क का स्पार्क, रूट का 'रिकॉर्ड' शतक, आखिरी विकेट के लिए तरस गया इंग्लैंड

ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच ब्रिसबेन टेस्ट के पहला दिन गेंद और बल्ला दोनों चर्चा मं रहे. जो रूट की सेंचुरी और मिशेल स्टार्क के छह विकेट ने सुर्खियां बटोरीं.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 4, 2025 6:43 PM IST

ब्रिसबेन: ऑस्ट्रेलिया और इंग्लैंड के बीच एशेज सीरीज का दूसरा टेस्ट गुरुवार को शुरू हुआ. ब्रिसबेन के गाबा में खेले जा रहे इस मैच में पहले दिन बल्ले और गेंद दोनों का जलवा देखने को मिला. गुलाबी गेंद से खेले जा रहे इस डे-नाइट टेस्ट मैच में दिन की शुरुआत मिशेल स्टार्क की आग बरसाती गेंदों से हुई. तो दिन का खेल खत्म होते-होते जो रूट की सेंचुरी सुर्खियां बटोर चुकी थीं. रूट 135 रन बनाकर नाबाद लौटे. और पहले ही ओवर में विकेट गंवाने वाली इंग्लैंड का स्कोर 2 विकेट पर 5 रन से नौ विकेट पर 325 रन पहुंच चुका था. जोफ्रा आर्चर के बल्ले से 32 रन निकल चुके हैं. और आखिरी विकेट के लिए दोनों 61 रन जोड़ चुके हैं. इस स्कोर के बाद मिशेल स्टार्क के छह विकेट की चमक थोड़ी फीकी तो नजर आई.

इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया. इंग्लैंड की शुरुआत बेहद खराब रही. 5 रन के स्कोर पर टीम ने बेन डकेट और ओली पोप के रूप में 2 बड़े विकेट गंवा दिए थे. इसके बाद तीसरे विकेट के लिए जैक क्रॉली और जो रूट के बीच में 97 रन की साझेदारी हुई. यहां से इंग्लैंड ने मैच में वापसी करनी शुरू की. क्राउली थोड़े आक्रामक नजर आए. उन्होंने 93 गेंद पर 11 चौकों की मदद से 76 रन की पारी खेली.

क्राउली का विकेट गिरने के बाद रूट ने हैरी ब्रूक 31 के साथ चौथे विकेट के लिए 54 रन जोड़े. कप्तान बेन स्टोक्स (19) के साथ रूट ने पांचवें विकेट के लिए 34 रन जोड़े. और स्कोर को 210 तक पहुंचाया. स्टोक्स रन-आउट हुए. इसके बाद इंग्लैंड ने लगातार विकेट खोए. लेकिन रूट की जड़ें गहरी हो चुकी थीं. वह डटे रहे, जमे रहे. उन्होंने ऑस्ट्रेलिया की धरती पर अपना पहला शतक लगाया. यह उनके टेस्ट करियर का 40वां शतक था.

जब इंग्लैंड ने 264 के स्कोर पर अपना 9वां विकेट गंवाया. तो ऐसा लगा कि ऑस्ट्रेलिया जल्द ही पारी समेट देगा. लेकिन 11वें नंबर पर बैटिंग करने आए जोफ्रा आर्चर ने खुलकर बल्ला चलाया. आर्चर ने 26 गेंद पर 2 छक्कों और एक चौके की मदद से 32 रन बनाए हैं. वहीं रूट ने 202 गेंदों पर 1 छक्के और 15 चौकों की मदद से नाबाद 135 रन बनाए.

स्टार्क ऑस्ट्रेलिया के सबसे कामयाब गेंदबाज रहे. स्टार्क ने अब तक 19 ओवर में 71 रन देकर 6 विकेट लिए हैं. माइकल नेसर और स्कॉट बोलैंड ने 1-1 विकेट लिए हैं.

TRENDING NOW

मिचेल स्टार्क ने तीसरा विकेट लेते ही टेस्ट क्रिकेट में पाकिस्तान के महान तेज गेंदबाज वसीम अकरम का रिकॉर्ड तोड़ दिया. वह टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले बाएं हाथ के पेसर बन गए. स्टार्क के 418 विकेट हैं, वसीम अकरम ने अपने टेस्ट करियर में 414 विकेट लिए थे.