- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Australia vs South Africa, Only T20I: South Africa beat Australia by 21 runs
वनडे के बाद टी-20 में भी द. अफ्रीका के हाथों ऑस्ट्रेलिया की शर्मनाक हार
दक्षिण अफ्रीका ने तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी।
Published On Nov 17, 2018, 06:14 PM IST
Last UpdatedNov 17, 2018, 06:14 PM IST
Chris Morris @BCCI
दक्षिण अफ्रीका ने वनडे सीरीज पर कब्जा करने के बाद एकमात्र टी-20 मैच में भी ऑस्ट्रेलिया को मात देकर दौरे का समापन जीत के साथ किया है।
क्वींसलैंड के करारा ओवल में शनिवार को खेले गए एकमात्र टी-20 इंटरनेशनल मैच में दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को 21 रन से हरा दिया। इससे पहले मौजूदा दौरे पर दक्षिण अफ्रीका ने तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम की थी।
बारिश के चलते मैच को 10-10 ओवरों का कर दिया गया था। ऑस्ट्रेलियाई कप्तान एरोन फिंच ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया।
दक्षिण अफ्रीका ने 10 ओवर में 6 विकेट पर 108 रन बनाए। उसकी ओर से कप्तान फाफ डु प्लेसिस ने सबसे अधिक 15 गेंदों पर 27 रन बनाए जिसमें 4 चौके शामिल थे।
ओपनर क्विंटन डी कॉक ने 16 गेंदों पर 22, रीजा हैंड्रिक्स ने 8 गेंदों पर 19 और हेनरिक क्लासेन ने 6 गेंदों पर 12 रन का योगदान दिया। डेविड मिलर 10 गेंदों पर 11 रन बनाकर आउट हुए।
ऑस्ट्रेलिया की ओर से नाथन कूल्टर नाइल और एंड्रयू टाई ने दो-दो विकेट लिए जबकि स्टेनलेक और मैक्सवेल के खाते में एक-एक विकेट गया।
7 विकेट पर 87 रन ही बना पाई ऑस्ट्रेलियाई टीम
109 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी ऑस्ट्रेलियाई टीम 7 विकेट पर 87 रन ही बना सकी। उसके नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे। ऑस्ट्रेलिया की ओर से मैक्सवेल ने सबसे अधिक 23 गेंदों पर 38 रन बनाए जिसमें 2 चौके और 2 छक्के शामिल थे। क्रिस लिन ने 14 रन का योगदान दिया।
एंगिडी, मौरिस और फेहलुकवायो ने 2-2 विकेट लिए
दक्षिण अफ्रीका की ओर से तेज गेंदबाज लुंगी एंगिडी ने 16 रन देकर दो जबकि मौरिस और फेहलुकवायो ने क्रमश: 12 और 21 रन देकर 2-2 विकेट लिए। तबरेज शमसी के खाते में एक विकेट गया।