×

एक मैच के 70 लाख, IPL Auction में इतने पैसे मांगने वाला यह खिलाड़ी कौन है?

इस खिलाड़ी ने साफ कर दिया है कि वह सिर्फ एक चौथाई टूर्नामेंट में ही खेल सकता है. पर क्या कोई टीम सिर्फ इतने से कमिटमेंट पर 2 करोड़ रुपये की कम से कम रकम खर्च करना चाहेगा.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 2, 2025 12:48 PM IST

आईपीएल 2026 के लिए कुल 1355 खिलाड़ियों ने रजिस्टर्ड किया है. इस लिस्ट में कई बड़े नाम हैं. 45 खिलाड़ी ऐसे हैं जिन्होंने 2 करोड़ रुपये के सबसे बड़े ब्रैकेट में अपना नाम दर्ज करवाया है. इस लिस्ट में जोश इंग्लिस का नाम भी शामिल है. ऑस्ट्रेलिया के इस आक्रामक खिलाड़ी ने अपने देश के साथी खिलाड़ी कैमरन ग्रीन के साथ इस बड़ी सूची में अपना नाम लिखवाया है. इस विकेटकीपर बल्लेबाज के नाम लिखवाने को लेकर हालांकि रोमांचक बात सामने आई है.

असल में इंग्लिस ने भले ही खुद को सबसे महंगे ब्रैकेट में रजिस्टर करवाया हो लेकिन उन्होंने यह भी साफ कर दिया है कि वह सिर्फ 25 पर्सेंट सीजन में ही खेल पाएंगे. इसके पीछे उन्होंने निजी कारणों का हवाला दिया है. खबर है कि इंग्लिस शायद शादी कर रहे हैं और इस वजह से वह पूरे सीजन के लिए उपलब्ध नहीं होंगे.

अगर हिसाब लगाएं तो आईपीएल में एक टीम कम-से-कम 14 मैच खेलती है. और अगर इसके एक चौथाई का हिसाब लगाएं तो यह करीब तीन मैच बैठता है. तो, इस हिसाब से वह एक मैच खेलने के करीब 70 लाख रुपये मांग रहे हैं. और अगर वह चार मैच भी खेलते हैं तो इस हिसाब से एक मैच के 50 लाख रुपये बैठेंगे.

सवाल यह है कि ऐसा खिलाड़ी जो सिर्फ 3 मैच के लिए ही उपलब्ध होगा उसे भला कौन खरीदने जाएगा. इंग्लिस बीते सीजन में पंजाब किंग्स की टीम का हिस्सा थे. वह उनका पहला ही सीजन था. पिछले सीजन में 11 मैचों में उन्होंने 162.57 के स्ट्राइक-रेट से 278 रन बनाए थे. उनका औसत 30.88 का रहा. इस दौरान उन्होंने एक हाफ सेंचुरी लगाई. इस साल की नीलामी से पंजाब किंग्स ने उन्हें रिलीज कर दिया है.

TRENDING NOW

इंग्लिस के टी20 करियर की बात करें तो उन्होंने 41 मैचों में 911 रन बनाए हैं. उनका स्ट्राइक-रेट 159.26 का है. और उनका बल्लेबाजी औसत 28.46 का रहा है. इस फॉर्मेट में वह दो शतक और दो ही अर्धशतक लगा चुके हैं.