×

Ashes 2021: प्रैक्टिस सेशन में फिर कनकशन चोट का शिकार हुए विल पुकोवस्की, 9वीं बार लगी चोट

यह 9वां मौका है, जब विल पुकोवस्की अपने छोटे से करियर में इस गंभीर चोट का शिकार बने हैं

user-circle cricketcountry.com Written by Arun Kumar
Last Published on - October 14, 2021 3:02 PM IST

ऑस्ट्रेलिया के युवा ओपनिंग बल्लेबाज विल पुकोवस्की एक बार फिर कनकशन (सिर में चोट) का शिकार हो गए हैं. ऑस्ट्रेलियाई मीडिया के मुताबिक पुकोवस्की बैटिंग का अभ्यास कर रहे थे और इस दौरान एक गेंद आकर उनके हेल्मेट से जा लगी. वह अपने छोटे से क्रिकेट करियर में कई बार इस गंभीर चोट का सामना कर चुके हैं. यह 9वां मौका है, जब उन्हें कनकशन चोट के चलते आराम के लिए मेडिकल टीम की निगरानी में जाना पड़ा है.

इस बार पुकोवस्की को यह चोट एक सप्ताह पहले लगी थी, जब वह अपनी घरेलू टीम विक्टोरिया के साथ अभ्यास सत्र में हिस्सा ले रहे थे. कई बार इस गंभीर चोट का शिकार होने के चलते उनके स्वास्थ्य को लेकर गंभीर चिंताएं पैदा होना स्वाभाविक है.

क्रिकेट विक्टोरिया ने गुरुवार को एक बयान में कहा, ‘क्रिकेट विक्टोरिया इसकी पुष्टि करता है कि विल पुकोवस्की को पिछले मंगलवार को अभ्यास के दौरान सिर में चोट लगी थी.’ इसने कहा, ‘वह फिलहाल क्रिकेट विक्टोरिया की मेडिकल टीम के साथ उपचार करा रहे हैं. वह जल्दी ही मैदान पर लौटना चाहते हैं.’

पुकोवस्की को लगी चोट ऑस्ट्रेलिया के लिए करारा झटका है क्योंकि वह इस साल के आखिर में डेविड वॉर्नर (David Warner) के साथ एशेज सीरीज में पारी की शुरुआत करने वाले थे. इससे पहले पिछले साल भारत A के खिलाफ अभ्यास मैच के दौरान उन्हें भारतीय तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी की गेंद हेलमेट पर लगी थी, जिसके बाद वह कनकशन का शिकार हो गए थे.