- क्रिकेट न्यूज़
- News
- australian cricketers leave india for Maldives cricket australia confirmed
IPL में भाग लेने वाले सभी ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी मालदीव रवाना, सिर्फ माइकल हसी रुके
IPL स्थगित होने के बाद ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी भारत से मालदीव रवाना हो गए हैं. हालांकि कोरोना से पीड़ित माइकल हसी फिलहाल भारत में ही रुकेंगे.
Published On May 06, 2021, 05:05 PM IST
Last UpdatedMay 06, 2021, 05:05 PM IST
IPL में ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी @BCCI-IPL
इंडियन प्रीमियर लीग (IPL 2021) अनिश्चितकाल के लिए स्थगित हो चुकी है. इसके बाद इस लीग में भाग लेने आए सभी विदेशी खिलाड़ी, सपॉर्टिंग स्टाफ और कॉमेंट्री पैनल के सदस्य अपने-अपने देश वापस लौटने लगे हैं. लेकिन ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को अपनी सरकार से इसकी इजाजत नहीं मिली है. इसके कारण वह मालदीव के सफर पर निकल चुके हैं. हालांकि कोरोना से पीड़ित हो चुके ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज माइकल हसी को चेन्नई में ही रुकना पड़ा है वह यहां से पूरी तरह स्वस्थ होकर निकलेंगे.
ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को अपने देश रवाना होने से पहले प्रतीक्षा अवधि के समय को पूरा करने तक किसी तीसरे देश में समय बिताना होगा. क्योंकि ऑस्ट्रेलिया की सरकार ने भारत में कोविड- 19 की दूसरी लहर से बिगड़े हालात के मद्देनजर भारत यात्रा करने वाले अपने नागरिकों के प्रवेश पर भी 15 मई तक प्रतिबंध लगा दिया है. ऐसे में बायो बबल में खेल रहे ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों को भी स्वदेश में एंट्री की छूट नहीं दी गई है.
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) ने एक बयान जारी कर इसकी पुष्टि की. अपने बयान में सीए ने कहा, ‘हम पुष्टि करते हैं कि ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी, कोच, मैच अधिकारी और कॉमेंटेटर भारत से सुरक्षित रूप से निकल गए हैं और मालदीव पहुंच रहे हैं.’
उन्होंने भारत से ऑस्ट्रेलिया आने वालों पर 15 मई तक के प्रतिबंध की ओर इशारा करते हुए कहा, ‘ऑस्ट्रेलियाई भारत से आने वाले विमानों को ऑस्ट्रेलिया आने की मंजूरी मिलने तक मालदीव में ही रुकेंगे.’
तीन खिलाड़ियों के पहले ही हटने के बाद ऑस्ट्रेलिया के 40 लोग इस लीग से जुड़े थे, जिसमें 14 खिलाड़ी शामिल हैं. ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री ने पिछले दिनों साफ कर दिया था कि खिलाड़ी खुद से भारत गए हैं और ऐसे में उन्हें ऑस्ट्रेलिया आने का इंतजाम खुद करना होगा. प्रधानमंत्री के इस बयान के बाद सीए और ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेटर संघ (ACA) ने आईपीएल से जुड़े खिलाड़ियों, कोचों, मैच अधिकारियों और कॉमेंटेटरों के लिए छूट मांगने से मना कर दिया था.
चेन्नई सुपर किंग्स के बल्लेबाजी कोच माइक हसी कोविड-19 जांच में पॉजिटिव आने के बाद भारत में ही क्वॉरंटीन पर हैं. सीए ने कहा, ‘कोविड-19 जांच में पॉजिटिव आने के कारण माइक हसी भारत में रुकेंगे. माइक हल्के लक्षणों का सामना कर रहा है और अपनी फ्रैंचाइजी चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की देख रेख में हैं.’
उन्होंने कहा, ‘माइक (हसी) की ऑस्ट्रेलिया में सुरक्षित वापसी सुनिश्चित करने के लिए सीए और एसीए बीसीसीआई के साथ मिलकर काम करेगा.’ सीए और एसीए ने इस बात के लिए बीसीसीआई का धन्यवाद किया कि बायो बबल में कोविड-19 मामलों के कारण लीग के स्थगित होने के दो दिनों के अंदर ही उसके खिलाड़ी भारत छोड़ने में सफल रहे. बयान के मुताबिक, ‘ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों और कर्मचारियों को भारत से मालदीव पहुंचने में बीसीसीआई की तत्परता के लिए सीए और एसीए उसे धन्यवाद देते हैं.ट