- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Australian players all set to participate in CSA T20 League
और गहराया ऑस्ट्रेलियाई क्रिकेट संकट, दक्षिण अफ्रीका की टी20 लीग में खेलेंगे कंगारू खिलाड़ी
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और ऑस्ट्रेलियन खिलाड़ियों के बीच मौजूदा प्रतिबंध दस दिन के बाद खत्म हो जाएगा।
Published On Jun 21, 2017, 03:14 PM IST
Last UpdatedJun 21, 2017, 03:14 PM IST

क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया और ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के बीच सैलरी विवाद बढ़ता ही जा रहा है। इस विवाद के कारण अब ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी दक्षिण अफ्रीका की नई टी20 प्रतियोगिता में भाग ले सकते हैं। इतना ही नहीं ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी चैरिटी मैचों में भी खेलते दिख सकते हैं। बोर्ड और खिलाड़ियों के बीच का करार दस दिन के बाद समाप्त होने जा रहा है और खिलाड़ी अपनी मांगों पर अड़े हुए हैं। अगर खिलाड़ियों और बोर्ड के बीच मामला सुलझता नहीं है तो इसके बाद कंगारू खिलाड़ी किसी भी विदेशी लीग में भाग ले सकेंगे।
इसी बीच साउथ अफ्रीका ने आईपीएल की तर्ज पर नई टी20 लीग शुरू की है जो ऑस्ट्रेलियन खिलाड़ियों को अपनी तरफ खींच रही है। इस लीग के लिए करीबन 400 क्रिकेटरों ने अपना नाम रजिस्टर करवाया है जिसमें कई ऑस्ट्रेलियाई खिलाड़ी भी शामिल हैं। इस टूर्नामेंट ने क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया की परेशानी और बढ़ा दी है। हालांकि खिलाड़ियों को इस लीग में भाग लेने के लिए बोर्ड से एनओसी लेनी होगी, लेकिन करार समाप्त हो जाने के बाद खिलाड़ियों पर बोर्ड के अधिकारों को लेकर असमंजस की स्थिति बन सकती है। ऑस्ट्रेलियाई टीम को इस सीजन में पहले बांग्लादेश में दो टेस्ट मैच और फिर भारत दौरे पर 5 मैचों की वनडे सीरीज खेलनी है। [ये भी पढ़ें: “टीम इंडिया को ऐसा कोच चाहिए जो उन्हें शॉपिंग जाने दे”]
सैलरी विवाद को लेकर सीए कोई स्पष्ट बात नहीं कर रही है और ऐसे में ये साफ नहीं है कि ऑस्ट्रेलिया के बड़े खिलाड़ी इस दौरे पर जाएंगे। सीए को अगर बीसीसीआई के साथ अपने रिश्ते खराब नहीं करने हैं तो उसे खिलाड़ियों के साथ ये मुद्दा जल्दी सुलझाना होगा।