- क्रिकेट न्यूज़
- News
- avesh khan wishes to play test format for india
टेस्ट क्रिकेट खेलना चाहते है तेज गेंदबाज आवेश खान, कहा- मैं खुद को साबित कर सकता हूं
आवेश खान ने अंतर्राष्ट्रीय करियर में अब तक कुल आठ एकदिवसीय खेले हैं, जिसमें उन्होंने 5.54 की इकॉनमी से नौ विकेट लिए हैं, वहीं टी20 के 23 मैचों में उनके नाम 25 विकेट है.
Published On Jul 13, 2024, 04:01 PM IST
Last UpdatedJul 13, 2024, 04:01 PM IST
(Image credit- BCCI)
मुंबई. भारतीय तेज गेंदबाज आवेश खान को उम्मीद है कि उन्हें जल्द ही भारतीय टीम के लिए सफेद जर्सी में खेलने का मौका मिलेगा, इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि घरेलू स्तर पर उन्होंने अपनी गेंदबाजी से साबित भी किया है कि वह लंबे प्रारूप में भी गेंदबाज़ी करने में सक्षम हैं.
आवेश ने बीसीसीआई टीवी से कहा, मैं टेस्ट क्रिकेट खेलने के लिए काफ़ी उत्साहित हूं, क्योंकि मुझे वही एक प्रारूप लगता है, जहां मैं खुद को साबित कर सकता हूं, मैंने घरेलू स्तर पर अपनी स्टेट टीम (मध्य प्रदेश), इंडिया ए के लिए, दिलीप ट्रॉफ़ी या देवधर ट्रॉफी में खेलने के दौरान वहां ख़ुद को साबित भी किया है. आवेश खान ने कहा, मैं उसी एक मौके का इंतजार कर रहा हूं, मुझे लाल गेंद से गेंदबाजी करना काफी पसंद है, मैं अपने स्टेट के लिए काफी गेंदबाजी करता हूं, एक दिन में मैंने कई बार 20-20, 25-25 ओवरों की गेंदबाज़ी की है, पूरे सीज़न में मैं 300-350 ओवर डालता हूं.
टेस्ट टीम में जगह बनाने की इच्छा के अलावा आवेश ने यह भी बताया कि वह बतौर गेंदबाज खुद में कहां सुधार लाने का प्रयास कर रहे हैं, इसके साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि वह कप्तान को बतौर गेंदबाज एक ऐसा विकल्प देना चाहते हैं जो हर चरण में गेंदबाज़ी कर सके.
मैं किसी भी चरण में गेंदबाजी कर सकता हूं: आवेश
आवेश ने कहा, मैं एक गेंदबाज़ के तौर हमेशा सुधार लाने की कोशिश करता हूं और कप्तान को एक फ्री हैंड देने की कोशिश करता हूं, ताकि वह मैच के किसी भी चरण में गेंदबाज़ी करा सकें. मैं हर चीज अपने पक्ष में लाने की पूरी कोशिश करता हूं क्योंकि कप्तान को अगर एक ऐसा विकल्प मिल जाता है जो पावरप्ले, बीच के ओवरों और डेथ ओवरों में गेंदबाजी कर सके तब ऐसी स्थिति में उसके पास विकल्प बढ़ जाते हैं, मैंने अपनी गेंदबाजी में भी काफ़ी मिश्रण करने के प्रयास किए हैं, जैसे मैंने लेग कटर भी डेवलप किया है, जिसे मैं वाइड लाइन के पास डालता हूं.
भारत इस समय ज़िम्बाब्वे के दौरे पर है, जहां टीम इंडिया पांच टी20 मैचों की सीरीज में 2-1 से आगे है, इस दौरे के बाद भारत को 26 जुलाई से श्रीलंका में तीन टी20 और तीन एकदिवसीय मैचों की सीरीज खेलनी है. इस दौरे पर भारतीय टीम के नवनियुक्त मुख्य कोच गौतम गंभीर भी भारतीय दल के साथ मौजूद रहेंगे। ख़ुद आवेश लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए आईपीएल खेल चुके हैं और उस दौरान गंभीर भी इस टीम के मेंटॉर थे.
आवेश खान ने गौतम गंभीर को लेकर दिया यह बयान
आईपीएल के दौरान आवेश ने गंभीर के साथ के अपने अनुभव साझा करते हुए कहा, मैंने उनसे यह माइंडसेट सीखा है कि हमेशा विपक्षी टीम को हराने के लिए जाना चाहिए, हमेशा अपना 100 फीसदी देना चाहिए, वह हमेशा कम ही बात करते हैं, जब लखनऊ में थे, तो थोड़ी बात ही करते थे लेकिन हमें यह बताते है कि मैदान में जाकर हमें क्या करना है, वह हर खिलाड़ी को उसका एक रोल देते थे, वह एक टीम कोच हैं और वह यह चाहते हैं कि हर व्यक्ति अपना 100 फ़ीसदी दे.
आवेश ने अपने अंतर्राष्ट्रीय करियर में अब तक कुल आठ एकदिवसीय खेले हैं, जिसमें उन्होंने 5.54 की इकॉनमी से नौ विकेट लिए हैं। टी20 में उन्होंने अब तक खेले 23 मैचों में 25 विकेट लिए हैं। इस दौरान उनकी इकॉनमी 9.06 और औसत 28.04 की रही है.
इनपुट- आईएएनएस