IPL 2026: CSK को बड़ा झटका, पूरे सीजन से बाहर हो सकता है स्टार खिलाड़ी
चेन्नई सुपरकिंग्स के बल्लेबाजी कोच माइक हसी ने कहा, उसकी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया है, अभी मुझे नहीं पता कि चोट कितनी गंभीर है, हम कल या परसों उसका स्कैन करवाएंगे.
Published On Apr 19, 2026, 02:54 PM IST
Last UpdatedApr 19, 2026, 02:54 PM IST
Ayush Mhatre
आईपीएल 2026 में शनिवार को चेन्नई सुपरकिंग्स की टीम को सनराइजर्स हैदराबाद के हाथों हार का सामना करना पड़ा, जो टीम की इस सीजन चौथी हार है. इस मैच के बाद चेन्नई की टीम को एक और बड़ा झटका लगा है.
युवा बल्लेबाज आयुष म्हात्रे का चोटिल होने के कारण आईपीएल 2026 में आगे खेलना संदिग्ध है. सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ खेले गए मैच के दौरान 18 साल के म्हात्रे की हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया था. इस मैच में इंपैक्ट प्लेयर के रूप में खेलने वाले म्हात्रे काफी असहज नजर आ रहे थे और उसके बाद वह लंबे समय तक क्रीज पर नहीं टिक पाए.
म्हात्रे की हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया है: हसी
सीएसके के बल्लेबाजी कोच माइक हसी ने मैच के बाद पत्रकारों से कहा, ‘उसकी हैमस्ट्रिंग में खिंचाव आ गया है, अभी मुझे नहीं पता कि चोट कितनी गंभीर है, हम कल या परसों उसका स्कैन करवाएंगे. उन्होंने कहा कि चोट की गंभीरता का आकलन करने के लिए म्हात्रे का स्कैन किया जाएगा और उन्हें ठीक होने में कितना समय लगेगा यह अभी पक्के तौर पर नहीं कहा जा सकता.
उसका बाहर होना हमारे लिए नुकसान: हसी
म्हात्रे ने इस सत्र में अभी तक 177.87 के स्ट्राइक रेट से 201 रन बनाए हैं. हैमस्ट्रिंग में खिंचाव से उबरने में छह महीने तक का समय लग सकता है. हसी ने कहा, दुर्भाग्य से स्थिति काफी खराब दिख रही है, उसका बाहर होना हमारे लिए बहुत बड़ा नुकसान होगा क्योंकि वह बहुत अच्छी फॉर्म में है.
टीम के अन्य खिलाड़ियों के लिए मौका: हसी
हसी ने हालांकि कहा कि यह टीम के अन्य खिलाड़ियों के लिए मौका होगा. उन्होंने कहा, ‘वह एक प्रतिभाशाली युवा खिलाड़ी है, लेकिन इससे किसी और को मौका मिलेगा, इसलिए यह भी रोमांचक है, हमारे पास कुछ बहुत अच्छे खिलाड़ी हैं जिन्हें अभी तक मौका नहीं मिल पाया है, इसलिए उनमें से किसी एक के लिए यह शानदार होगा.
सीएसके फिलहाल छह मैचों में दो जीत के साथ अंक तालिका में सातवें स्थान पर है. पांच बार की चैंपियन टीम अपने अगले मैच में 23 अप्रैल को वानखेड़े स्टेडियम में मुंबई इंडियंस से भिड़ेगी.