• Home
  • News
  • Bad News For Rohit Sharma Ahead of South Africa Series Daryl Mitchell becomes New

साउथ अफ्रीका सीरीज से पहले रोहित शर्मा के लिए बुरी खबर, 46 साल में पहली बार न्यूजीलैंड के बल्लेबाज...

साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले रोहित शर्मा ने अपना ताज गंवा दिया है. रोहित की कोशिश हालांकि 30 नवंबर से शुरू हो रही है.

Edited By : Bharat Malhotra |Nov 19, 2025, 04:05 PM IST

Published On Nov 19, 2025, 04:05 PM IST

Last UpdatedNov 19, 2025, 04:05 PM IST

Rohit Sharma

Rohit Sharma

साउथ अफ्रीका के खिलाफ तीन वनडे मैचों की सीरीज से पहले रोहित शर्मा को बड़ा नुकसान हुआ है. रोहित ने अपने करियर में जो मुकाम पहली बार हासिल किया था वह उनके हाथ से फिसल गया है.

न्यूजीलैंड के डैरेल मिशेल ने रोहित शर्मा की गद्दी पर कब्जा कर लिया है. आईसीसी की ताजा वनडे रैंकिंग में यह बल्लेबाज नम्बर 1 की रैंकिंग पर पहुंच गया है. यह सिर्फ दूसरा मौका है जब न्यूजीलैंड का कोई बल्लेबाज आईसीसी की वनडे रैंकिंग में पहले स्थान पर पहुंचा है. इससे पहले 1979 में ग्लेन टर्नर ने आईसीसी रैंकिंग में पहला स्थान हासिल किया था.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

इस बीच न्यूजीलैंड में एक से बढ़कर एक बल्लेबाज हुए हैं. लेकिन कोई भी नम्बर वन नहीं रहा. मार्टिन क्रो, केन विलियमसन, स्टीफन फ्लेमिंग जैसे बल्लेबाजों ने चोटी के बल्लेबाजों में जगह तो बनाई लेकिन पहले पायदान पर कभी नहीं पहुंच पाए. मिशेल ने रविवार को वेस्टइंडीज के खिलाफ अपने वनडे शतक के बाद नम्बर वन की कुर्सी पर कब्जा किया. उस पारी के दौरान उन्हें चोट लग गई थी. इसी वजह से वह तीन वनडे इंटरनेशनल मैचों की सीरीज के बाकी मैचों में नहीं खेल पाए.

रोहित इस महीने आईसीसी की वनडे रैंकिंग में पहले नंबर पर पहुंचे थे. अपने करियर में वह पहला मौका था जब भारत का यह पूर्व कप्तान आईसीसी की वनड रैंकिंग में नंबर वन पर पहुंचा था. हालांकि साउथ अफ्रीका के खिलाफ 30 नवंबर से शुरू होने वाली वनडे सीरीज में रोहित एक बार फिर चोटी पर पहुंचने की कोशिश करेंगे.

टेस्ट रैंकिंग की बात करें तो तेंबा बावुमा को बहुत फायदा हुआ है. साउथ अफ्रीका का यह कप्तान पहली बार टॉप 5 में पहुंचा है. कोलकाता टेस्ट में भारत के खिलाफ टेस्ट मैच की दूसरी पारी में उन्होंने हाफ सेंचुरी लगाई थी. इस पारी ने साउथ अफ्रीका को 15 साल बाद भारत में टेस्ट जीत हासिल करने में मदद की. शुभमन गिल, जो फिलहाल चोटिल हैं, अब टॉप 10 से बाहर हो गए हैं. उनके 737 रेटिंग अंक हैं. इंग्लैंड के जो रूट अभी पहले पायदान पर बने हुए हैं. वहीं उनके साथी खिलाड़ी हैरी ब्रूक दूसरे स्थान पर हैं. शुक्रवार को हैरी ब्रूक और रूट ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ एशेज टेस्ट में उतरेंगे.

टेस्ट गेंदबाजों की बात करें तो कोलकाता में साउथ अफ्रीका की जीत में अहम भूमिका निभाने वाले स्पिनर केशव महाराज को फायदा हुआ है. वह गेंदबाजों की रैंकिंग में टॉप 10 में पहुंचने वाले हैं. वहीं ऑलराउंडर की लिस्ट में वह टॉप 5 में हैं. जसप्रीत बुमराह पहले स्थान पर हैं. वहीं मैट हेनरी और नोमान अली दूसरे और तीसरे स्थान पर हैं.

आईसीसी की वनडे रैंकिंग में टॉप 10 में तीन भारतीय बल्लेबाज हैं. शुभमन गिल चौथे, विराट कोहली पांचवें और श्रेयस अय्यर 8वें स्थान पर हैं. रोहित अभी दूसरे नंबर हैं. वनडे रैंकिंग में अफगानिस्तान के इब्राहिम जादरान तीसरे नंबर पर हैं.

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick