×

बांग्लादेश ने आईपीएल पर बैन लगाया, मुस्ताफिजुर रहमान को KKR से बाहर करने के बाद लिया फैसला

मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल से बैन करने के बाद विवाद गहरा गया है. बांग्लादेश ने अपने देश में आईपीएल के प्रसारण पर रोक लगा दी है.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - January 5, 2026 3:37 PM IST

इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2026 का प्रसारण बांग्लादेश में नहीं होगा. बांग्लादेश के सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय ने सोमवार को बयान जारी कर इस बात की घोषणा की. मुस्ताफिजुर रहमान को आईपीएल से बाहर किए जाने के बाद शुरू हुए विवाद में इसे एक नए मोड़ के तौर पर देखा जा रहा है. केकेआर ने आईपीएल की नीलामी में बांग्लादेश के बाएं हाथ के इस पेसर को 9.2 करोड़ रुपये में खरीदा था.

मंत्रालय की ओर से जारी बयान में कहा गया, ‘हम यहां यह जानकारी दे रहे हैं कि भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने कोलकाता नाइट राइडर्स को बांग्लादेश के मुस्ताफिजुर रहमान को 26 मार्च से शुरू होने वाले इंडियन प्रीमियर लीग से रिलीज करने को कहा है. इस फैसले ने बांग्लादेश के फैंस को दुख और गुस्सा दिलाया है. इसी वजह से यह अनुरोध किया गया कि इंडियन प्रीमियर लीग के सभी मैचों और कार्यक्रमों के प्रसारण पर रोक लगा दी जाए.’

यह फैसला बांग्लादेश में मोहम्मद यूसुफ की अगुआई वाली अंतरिम सरकार में युवा और खेल मामलों के सलाहकार, आसिफ नजरुल ने अपने फेसबुक पेज पर प्रसारण सलाहकार से देश में आईपीएल मैचों को न दिखाए जाने का अनुरोध किया था. उन्होंने बयान में कहा था, ‘हम बांग्लादेश के क्रिकेट, क्रिकेटरों और देश का अपमान स्वीकार नहीं करेंगे. गुलामी के दिन खत्म हो चुके हैं.

भारत और बांग्लादेश के बीच जो राजनीतिक विवाद चल रहा है उसका असर अब दोनों देशों के क्रिकेट संबंधों पर भी पड़ा है. शनिवार को बीसीसीआई ने न सिर्फ मुस्ताफिजुर को रिलीज करने संबंधी बात कही बल्कि भारतीय टीम के बांग्लादेश दौरे को भी होल्ड पर डाल दिया है.

TRENDING NOW

अंग्रेजी अखबार द इंडियन एक्सप्रेस ने बीसीसीआई सूत्र के हवाले से बताया, ‘हम पिछले साल भी बांग्लादेश नहीं गए थे. बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने अपना इंटरनेशनल कैलेंडर जारी किया है. लेकिन यह थोड़ा मुश्किल लगता है क्योंकि हमें किसी दूसरे देश में खेलने के लिए भारत सरकार की अनुमति चाहिए होती है. जहां तक टी20 वर्ल्ड कप की बात है बांग्लादेश की टीम शेड्यूल के हिसाब से अपने मैच भारत में ही खेलेगी.’