- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Bangladesh beat India for the first time in Women’s ODI cricket
IND vs BAN: भारत को मिली शर्मनाक हार, पूरी टीम 113 रन पर ढेर
मेजबान बांग्लादेश ने भारत को पहले वनडे में 40 रनों से हराकर 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. मरूफा अख्तर ने 4 विकेट झटके.
Published On Jul 16, 2023, 05:14 PM IST
Last UpdatedJul 16, 2023, 05:14 PM IST
PIC- BCB
IND-W vs BAN-W: बांग्लादेश दौरे पर भारतीय टीम का वनडे सीरीज में बेहद खराब आगाज हुआ है. ढाका के शेरे बांग्ला स्टेडियम में खेले गए पहले वनडे मैच में बांग्लादेश ने डकवर्थ लुईस पद्धति से भारत को 40 रनों से मात दी. महिला वनडे क्रिकेट के इतिहास में बांग्लादेश की भारतीय टीम पर ये पहली जीत है.
बारिश से प्रभावित पहले वनडे मैच में पहले बल्लेबाजी करते हुए बांग्लादेश की टीम 43 ओवर में 152 रन पर सिमट गई. 153 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम के बल्लेबाजों ने काफी निराश किया. पूरी टीम 35.5 ओवरों में महज 113 रनों पर ढेर हो गई. इस तरह मेजबान बांग्लादेश ने भारत को 40 रनों से हराकर 3 मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली. बांग्लादेश की ओर से मरूफा अख्तर ने 4 और राबिया खान ने 3 विकेट झटके.
बांग्लादेश दौरे पर भारतीय टीम की 4 दिन में ये दूसरी बड़ी हार है. इससे पहले T20I सीरीज के तीसरे और आखिरी मैच में भारत को हार का सामना करना पड़ा था. हालांकि पहले दोनों मैच जीतकर टीम इंडिया 2-1 से सीरीज अपने नाम करने में सफल रही.
बांग्लादेश की मध्यम गति की गेंदबाज मारूफा अख्तर ने सात ओवर में 29 रन देकर चार विकेट झटके और लेग स्पिनर राबिया खान ने 7.5 ओवर में 30 रन देकर तीन विकेट प्राप्त किये.
स्टार बल्लेबाजों ने किया निराश
भारत की स्टार बल्लेबाज स्मृति मंधाना (11 रन) इस बार भी बड़ी पारी खेलने में नाकाम रही और आउट होने वाली पहली खिलाड़ी रहीं. शीर्ष क्रम की बल्लेबाज प्रिया पूनिया 2021 के बाद पहली बार भारतीय टीम में वापसी कर रही हैं, लेकिन वह 27 गेंद खेलकर 10 रन ही बना सकी और 30 रन के स्कोर पर आउट होने वाली टीम की दूसरी खिलाड़ी रहीं.
स्कोर में सात रन ही जुड़े थे कि कप्तान हरमनप्रीत कौर (05 रन) नाहिदा अख्तर की गेंद पर LBW हो गयीं. विकेटकीपर बल्लेबाज यास्तिका भाटिया (15 रन) को राबिया ने अपना पहला शिकार बनाया, इससे स्कोर चार विकेट पर 44 रन था. मध्यक्रम को संभालने की जिम्मेदारी जेमिमा रोड्रिग्स (10 रन) के कंधों पर थीं, लेकिन उनकी खराब फॉर्म जारी रही और वह राबिया की दूसरी शिकार बनीं.
फिर अमनजोत (15 रन) ने दीप्ति का साथ निभाने का पूरा प्रयास किया, पर मरूफा अख्तर ने उनके बीच 30 रन की साझेदारी तोड़कर टीम की उम्मीदें तोड़ दीं. लगातार विकेट गिरते रहे और अनुषा बारेड्डी के रन आउट होते ही बांग्लादेश महिला टीम ने वनडे में पहली बार भारत को पराजित किया.
बांग्लादेश को भले ही पहले वनडे में जीत हासिल हुई लेकिन भारत की युवा गेंदबाज अमनजोत कौर ने डेब्यू मैच में 4 विकेट लेकर कमाल कर दिया. 23 साल की गेंदबाज अमनजोत ने सलामी बल्लेबाज मुर्शिदा खातून, फरगना हक, कप्तान निगार सुल्ताना और राबिया खान के विकेट झटके जिससे बांग्लादेश की टीम जूझती नजर आयी. इस तरह अमनजोत कौर महिला वनडे डेब्यू में घर से बाहर 4 या उससे अधिक विकेट लेने वाली पहली भारतीय क्रिकेटर बनीं. इससे पहले ये रिकॉर्ड गौहर सुल्ताना के नाम था जिन्होंने 2008 में पाकिस्तान के खिलाफ डेब्यू करते हुए 9 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए थे.