बांग्लादेश ने फिर बजाई पाकिस्तान की बैंड, टेस्ट सीरीज में किया क्लीन स्वीप
बांग्लादेश ने पाकिस्तान को टेस्ट सीरीज में 2-0 से हरा दिया है.
Published On May 20, 2026, 11:14 AM IST
Last UpdatedMay 20, 2026, 11:14 AM IST
bangladesh beat Pakistan
Bangladesh Beat Pakistan: बांग्लादेश ने एक बार फिर टेस्ट में पाकिस्तान का बैंड बजा दिया है. बांग्लादेशी टीम ने दो मैचों की टेस्ट सीरीज में पाकिस्तान का सूपड़ा साफ करते हुए 2-0 से जीत अर्जित की है. पाकिस्तान का मैदान पर शर्मनाक प्रदर्शन करने का सिलसिला रुक नहीं रहा है. बांग्लादेश ने दूसरे टेस्ट मैच में पाकिस्तानी टीम को 78 रन के अंतर से मात दी है.
बांग्लादेश ने दूसरे टेस्ट मैच में शुरुआत से ही पाकिस्तान पर पकड़ बनाए रखी. मुकाबले में पहले बांग्लादेश की टीम ने एक बार फिर पाकिस्तानी बल्लेबाजी को एक्सपोज किया और उन्हें एक-एक रन के लिए मोहताज बना दिया. यह हार पाकिस्तान दशकों तक भूल नहीं पाएगा.
रहीम और दास के शतक ने बांग्लादेश की जीत की सुनिश्चित
पाकिस्तान के खिलाफ इस मुकाबले में बांग्लादेश टीम के दो सीनियर बल्लेबाज लिटन दास और मुश्फिकुर रहीम ने शानदार बैटिंग की. लिटन ने जहां बांग्लादेश की पहली पारी को संभाला था और दमदार शतक ठोका था. तो मुश्फिकुर रहीम ने दूसरी पारी में सेंचुरी जड़कर टीम को बड़ी बढ़त दिलाकर पाकिस्तान को बैकफुट पर धकेल दिया है. दोनों की पारियों पर नजर डाले तो लिटन दास ने बांग्लादेश की पहली पारी में 159 गेंद में 16 चौके और 2 छक्के की मदद से 126 रन की पारी खेली थी.
वहीं मुश्फिकुर रहीम ने दूसरी पारी में बल्ले से शानदार संघर्ष करते हुए 233 गेंद में 12 चौके और 1 छक्के की मदद से 137 रन बनाए. दोनों की पारियों ने बांग्लादेश की जीत में अहम रोल निभाया और टीम ने पाकिस्तान को बुरी तरह धो डाला.
बांग्लादेश की जीत से भारत को भी हुआ नुकसान
बांग्लादेश का पाकिस्तान के खिलाफ अपनी घरेलू धरती पर खेली गई टेस्ट श्रृंखला में 2-0 से क्लीन स्वीप करने के कारण भारतीय क्रिकेट टीम को नुकसान हुआ है और वह नवीनतम विश्व टेस्ट चैम्पियनशिप (डब्ल्यूटीसी) रैंकिंग में छठे स्थान पर खिसक गई है. बांग्लादेश ने पाकिस्तान को दूसरे टेस्ट मैच में 78 रन से हराया. इससे पहले उसने मीरपुर में पहला टेस्ट मैच 104 रन के बड़े अंतर से जीता था. इससे उसकी टीम अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) के डब्ल्यूटीसी तालिका में नवीनतम अपडेट में भारत से आगे निकल गई है.
बांग्लादेश के अब चार टेस्ट मैचों में दो जीत, एक हार और एक ड्रॉ के साथ 58.33 प्रतिशत अंक हैं, जबकि भारत के नौ टेस्ट मैचों में चार जीत, उतनी ही हार और एक ड्रॉ के साथ 48.15 अंक हैं. पहले दो विश्व टेस्ट चैंपियनशिप के फाइनल में पहुंचने वाली भारतीय टीम अब एशियाई देशों की रैंकिंग में पाकिस्तान से ऊपर है. शुभमन गिल की अगुवाई वाली इस टीम ने इस साल अभी तक कोई टेस्ट मैच नहीं खेला है.