×

VIDEO: बैट के बीच में लगी बॉल, कप्तान ने LBW आउट के लिए लिया DRS, देखें मजेदार वीडियो

इंग्लैंड और बांग्लादेश के बीच खेले गए दूसरे वनडे मैच के दौरान बांग्लादेशी कप्तान तमीम इकबाल ने रिव्यू किया...

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - March 4, 2023 10:45 AM IST

बांग्लादेश और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज खेली जा रही है. शुक्रवार को दोनों देशों के बीच वनडे सीरीज का दूसरा मैच खेला गया, जहां इंग्लैंड ने बांग्लादेश को 132 रन से हराकर सीरीज पर कब्जा कर लिया. इस मैच में जेसन रॉय ने शतक जड़ा, मगर सबसे ज्यादा चर्चा बांग्लादेश के कप्तान तमीम इकबाल के डीआरएस लेने के फैसले की हो रही है. तमीम इकबाल अपने इस फैसले को लेकर सोशल मीडिया पर ट्रोल भी हो रहे हैं.

इस मैच में बांग्लादेश की टीम ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला लिया था. इंग्लैंड की टीम ने जेसन रॉय के शतक और जोस बटलर के अर्धशतक से शानदार शुरुआत की थी. आखिरी के ओवरों में मोईन अली और सैम कुर्रन ने विस्फोटक बल्लेबाजी की.

इंग्लैंड की पारी के 48वें ओवर में तस्कीन अहमद गेंदबाजी कर रहे थे. इसी ओवर में तस्कीन अहमद ने एक यॉर्कर डाला, जिसे आदिल रशीद ने आसानी से खेल दिया. यह गेंद आदिल रशीद के बल्ले के बीच में लगी थी, मगर इसी बीच बांग्लादेश के कप्तान तमीम इकबाल ने सभी को चौंका दिया और एलबीडब्लयू आउट के लिए डीआरएस लेने का फैसला लिया. टीवी रिप्ले में साफ नजर आया कि यह गेंद पैड से काफी दूर थी. टीवी रिप्ले के बाद बल्लेबाज को नॉट आउट करार दिया गया, वहीं कप्तान तमीम इकबाल सोशल मीडिया यूजर्स के निशाने पर आ गए. सोशल मीडिया यूजर्स ने इसे क्रिकेट का सबसे घटिया रिव्यू बताया.

बता दें कि इस मैच में जेसन रॉय के 132 रन (18 चौका, एक छक्का) की पारी से इंग्लैंड ने सात विकेट पर 326 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया. इंग्लैंड के कप्तान जोस बटलर ने 64 गेंद में 76 रन की अर्धशतकीय पारी खेली. इसके बाद इंग्लैंड के गेंदबाजों ने बांग्लादेश को 44.4 ओवर में 194 रन पर समेट दिया.