×

मोमिनुल हक बोले- कोहली और तमीम से तुलना का सवाल ही नहीं उठता

मोमिनुल हक ने इस वर्ष टेस्‍ट में अब तक 4 शतक लगाकर भारतीय कप्‍तान कोहली के रिकॉर्ड की बराबरी की है।

user-circle cricketcountry.com Written by Cricket Country Staff
Last Updated on - November 23, 2018 1:24 PM IST

बांग्‍लादेश के बल्‍लेबाज मोमिनुल हक ने साथी खिलाड़ी तमीम इकबाल और भारतीय क्रिकेट टीम के कप्‍तान विराट कोहली से खुद की तुलना करने को लेकर कहा है कि ये सही नहीं है।

इस समय बांग्‍लादेश की टीम चटगांव में दो मैचों की सीरीज का पहला टेस्‍ट मैच वेस्‍टइंडीज के साथ खेल रही है। इस टेस्‍ट के पहले दिन मोमिनुल ने 120 रन की पारी खेली। मोमिनुल का इस वर्ष का ये चौथा टेस्‍ट शतक है।

इससे पहले भारतीय कप्‍तान कोहली भी 2018 में टेस्‍ट में 4 शतक लगा चुके हैं। ऐसे में उनकी तुलना कोहली से होने लगी है।

मोमिनुल ने इस वर्ष श्रीलंका के खिलाफ इसी वेन्‍यू पर एक टेस्‍ट मैच में 176 और 105 रन की पारी खेली थी। इसके बाद उनका स्‍कोर 0, 33, 01, 00, 00, 15 और 11 रहा।

इस महीने की शुरुआत में मोमिनुल ने जिम्‍बाब्‍वे के खिलाफ 161 और एक रन की पारी खेली और अब उन्‍होंने चटगांव टेस्‍ट की पहली पारी में 120 रन बनाए हैं।

पहले दिन का खेल खत्‍म होने के बाद मोमिनुल ने पत्रकारों से कहा कि उनकी तुलना विराट कोहली से करने का सवाल ही नहीं उठता। विराट इस समय टेस्‍ट में दुनिया के नंबर एक बल्‍लेबाज हैं। भारतीय कप्‍तान ने इस वर्ष इस फॉर्मेट में अब तक 1,063 रन बनाए हैं।

TRENDING NOW

बकौल मोमिनुल, ‘ तमीम (इकबाल) भाई से तुलना करने का सवाल ही नहीं उठता। वह इस समय वर्ल्‍ड क्रिकेट में एक अलग दर्जे के खिलाड़ी हैं। मुझे नहीं लगता कि उनसे या विराट कोहली से तुलना करना सही है। कोहली अलग स्‍तर के खिलाड़ी हैं। मैं इन सब चीजों में विश्‍वास नहीं रखता। ये साल अभी खत्‍म नहीं हुआ है। इस वर्ष अभी कई टेस्‍ट खेलने को बचे हैं। इस समय मैं ये सोचता कि टीम हित में मैं किस तरह से अपना योगदान दे सकूं।’