add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

T20 World Cup 2026: अपने ही बुने जाल में फंस जाएंगे मोहसिन नकवी, पाकिस्तान के हटते ही बांग्लादेश की होगी एंट्री

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड को मालूम है कि टी20 वर्ल्ड कप से हटना उसके लिए कितना नुकसानदेह हो सकता है. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड अगर ऐसा कोई कदम उठाता है तो उसका उसे भारी खमियाजा भुगतना पड़ सकता है.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - January 27, 2026 1:57 PM IST

टी20 वर्ल्ड कप 2026 को लेकर विवाद अभी खत्म होने का नाम नहीं ले रहा है. बांग्लादेश की टीम पहले भारत में नहीं खेलने को लेकर अड़ी रही. इस वजह से उसे टूर्नामेंट से बाहर होना पड़ा. पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने उसका साथ दिया. पाकिस्तान ने भी इस टूर्नामेंट से हटने की धमकी दी. लेकिन पाकिस्तान जानता है वह ऐसा नहीं कर सकता. पाकिस्तान ने हालांकि यह भी कहा कि वह भारत के खिलाफ 15 फरवरी को होने वाले मैच से हट सकता है. लेकिन इसकी संभावना भी नहीं है. असल में पाकिस्तान ने बांग्लादेश के जरिए भारत को घेरने की जो चाल चली थी वह अब उल्टी पड़ सकती है. और अगर पाकिस्तान ऐसा कुछ करता भी है तो इससे निपटने के लिए आईसीसी का प्लान तैयार है.

जिद पर अड़ा बांग्लादेश, भड़क गया पाकिस्तान

असल में बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड चाहता था कि टी20 वर्ल्ड कप 2026 में उसके मैच श्रीलंका में शिफ्ट कर दिए जाएं. इसके पीछे बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड ने भारत में खेलने को लेकर सुरक्षा चिंताओं का हवाला दिया था. हालांकि आईसीसी और निष्पक्ष जांच एजेंसियों ने ऐसे किसी भी तरह के खतरे की आशंका को खारिज कर दिया था. लेकिन बांग्लादेश अड़ा रहा और नतीजा अब उसकी जगह स्कॉटलैंड को मौका मिल गया है.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड भी इस बात से भड़क गया. उसने आईसीसी पर दोहरे मापदंड अपनाने का आरोप लगाया. उसका कहना था कि क्रिकेट की यह नियामक संस्था अलग-अलग टीमों के लिए अलग-अलग पैमाने नहीं रख सकती. उसका कहना था कि जब भारत ने पाकिस्तान में अपने मुकाबले खेलने से इनकार किया था तब उसके मैच श्रीलंका में शिफ्ट किए गए थे. इस बीच पाकिस्तान ने टी20 वर्ल्ड कप के लिए अपनी टीम का ऐलान कर दिया है. लेकिन पीसीबी के चीफ मोहसिन नकवी ने कहा है कि इस मुद्दे पर आखिरी फैसला प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ लेंगे.

अब अगर पाकिस्तान भी टी20 वर्ल्ड कप में खेलने से इनकार कर दे तो?

पाकिस्तान अगर टी20 वर्ल्ड कप में खेलने से इनकार करता है तो इसका सीधा फायदा बांग्लादेश को होगा. हिंदुस्तान टाइम्स की रिपोर्ट कहती है कि आईसीसी ने पाकिस्तान को साफ कर दिया है कि अगर वह टी20 वर्ल्ड कप 2026 से हटता है तो उसे गम्भीर परिणाम भुगतने पड़ेंगे. पाकिस्तान पर द्विपक्षीय सीरीज में खेलने पर भी प्रतिबंध लग सकता है. साथ ही उसकी टीम एशिया कप और वर्ल्ड कप में भी भाग नहीं ले पाएगी. इतना ही नहीं आईसीसी अन्य क्रिकेट बोर्ड्स से पाकिस्तान सुपर लीग में खेलने वाले उनके खिलाड़ियों को अनापत्ति पत्र यानी NOC देने से इनकार करवा सकती है.

पाकिस्तान के हटने से बांग्लादेश को फायदा?

इस बीच अगर पाकिस्तान इस टी20 वर्ल्ड कप से हटने का फैसला ले ही लेता है तो उसकी जगह बांग्लादेश को शामिल कर लिया जाएगा. पाकिस्तान ने अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलने हैं. और अगर बांग्लादेश को पाकिस्तान की जगह रख लिया जाता है तो उसकी बड़ी परेशानी का हल हो जाएगा.

हिंदुस्तान टाइम्स ने मामले को करीब से देख रहे एक अधिकारी के हवाले से बताया, ‘अगर पाकिस्तान हटने का फैसला करता है तो बांग्लादेश को ग्रुप ए में उसकी जगह शामिल होने का मौका मिलेगा. और वह अपने सभी मैच श्रीलंका में खेलेगा. और बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड भी अपने मैच श्रीलंका में ही खेलना चाहता है. इस तरह से लॉजिस्टिक चुनौतियों से बचा जा सकेगा.’

T20 वर्ल्ड कप 2026 से जुड़े सभी ताजा अपडेट आप देख सकते हैं: https://www.cricketcountry.com/hi/icc-mens-t20-world-cup-2026/