ओलंपिक में हिस्सा लेगी भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम!
बीसीसीआई की शीर्ष परिषद ने शुक्रवार को वर्चुअली बैठक की, जिसमें यह फैसला किया गया.
Published On Apr 17, 2021, 10:07 AM IST
Last UpdatedApr 17, 2021, 10:07 AM IST
भारतीय क्रिकेट बोर्ड (BCCI) की शीर्ष परिषद ने साफ कर दिया है कि महिला क्रिकेट टीम बर्मिंघम में होने वाले 2022 राष्ट्रमंडल खेलों (CWG) में भी हिस्सा लेगी. वहीं सैद्धांतिक रूप से फैसला किया गया है कि अगर 2028 लॉस एंजिल्स ओलंपिक में क्रिकेट को शामिल किया जाता है, तो उसकी पुरुष और महिला दोनों टीमों इसमें हिस्सा लेंगी. शीर्ष परिषद ने शुक्रवार को वर्चुअली बैठक की जिसमें यह भी फैसला किया गया कि मिताली राज और हरमनप्रीत कौर की अगुआई वाली महिला टीम 2021 के अंत में आस्ट्रेलिया का दौरा करेगी. इसके बाद न्यूजीलैंड का भी दौरा होगा जो महिला वनडे विश्व कप से पहले होगा.
बीसीसीआई के सीनियर अधिकारी ने गोपनीयता की शर्त पर पीटीआई को बताया, ‘‘महिला टीम बर्मिंघम राष्ट्रमंडल खेलों में खेलेगी. अगर क्रिकेट को 2028 लास एंजिल्स ओलंपिक में शामिल किया जाता है तो पुरूष और महिला दोनों टीमें इसमें शिरकत करेंगी. सैद्धांतिक रूप से यह फैसला किया गया.’’
पिछले साल की तरह ही तीन टीम का महिला टी20 चैलेंज खेला जाएगा और इसके तुरंत बाद टीम इंग्लैंड के लिए रवाना होगी. उन्होंने कहा, ‘‘लड़कियां इंग्लैंड में पूर्ण शृंखला खेलेंगी. जब वे लौटेंगी तो वेस्टइंडीज या दक्षिण अफ्रीकी महिला टीम दोबारा द्विपक्षीय शृंखला के लिए आएगी.”
उन्होंने कहा, ‘‘इसके बाद टीम सफेद गेंद की सीरीज के लिए ऑस्ट्रेलिया की यात्रा करेगी और फिर न्यूजीलैंड में एक अन्य सीरीज खेलेगी. न्यूजीलैंड के खिलाफ द्विपक्षीय शृंखला (या फिर त्रिकोणीय शृंखला वनडे विश्व कप से पहले होगी.’’