• Home
  • News
  • BCCI appoints Sairaj Bahutule as India’s spin bowling coach

टीम इंडिया को मिला नया कोच, साईराज बहुतुले संभालेंगे यह अहम जिम्मेदारी

पूर्व भारतीय लेग स्पिनर साईराज बहुतुले को मंगलवार को भारतीय टीम का स्पिन गेंदबाजी कोच नियुक्त किया गया. जो पहले देश की अंडर-19 और भारत ए टीम के साथ काम कर चुके हैं.बीसीसीआई ने मंगलवार को इसकी घोषणा की.

Edited By : Bhaskar Tiwari |Jun 02, 2026, 07:54 PM IST

Published On Jun 02, 2026, 07:54 PM IST

Last UpdatedJun 02, 2026, 07:54 PM IST

भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) ने अफगानिस्तान के खिलाफ एकमात्र टेस्ट मैच से पहले बड़ा ऐलान किया है. पूर्व भारतीय स्पिन गेंदबाज साईराज बहुतुले भारत की सीनियर मेंस क्रिकेट टीम के स्पिन बॉलिंग कोच नियुक्त किए गए हैं. आईपीएल 2026 में बहुतुले पंजाब किंग्स के साथ जुड़े हुए थे. जहां वो स्पिन गेंदबाज की भूमिका निभा रहे थे. बीसीसीआई ने मंगलवार को इसकी घोषणा की. बहुतुले सभी फॉर्मेट में भारत के अगली पीढ़ी के स्पिनर्स का मार्गदर्शन करेंगे. इसी के साथ अब गौतम गंभीर की टीम में एक और खिलाड़ी जुड़ गया है.

भारतीय कोचिंग स्टॉफ का हिस्सा बने साईराज बहुतुले

बीसीसीआई की तरफ से जारी बयान में कहा गया कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) को यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि साईराज बहुतुले को भारतीय क्रिकेट टीम (सीनियर पुरुष) का स्पिन बॉलिंग कोच नियुक्त किया गया है. भारत के लिए 2 टेस्ट और 8 वनडे मैच खेल चुके बहुतुले ने 188 फर्स्ट क्लास मुकाबलों में 31.83 की औसत के साथ 6,176 रन बनाए हैं. इस दौरान उनके बल्ले से 9 शतक और 26 अर्धशतक निकले. फर्स्ट क्लास में उनके नाम 630 विकेट भी हैं.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

रिटायर होने के बाद बहुतुले भारतीय क्रिकेट के सबसे सम्मानित कोच में से एक बने. उन्होंने विदर्भ, केरल, गुजरात और बंगाल की टीमों के हेड कोच के तौर पर काम किया. इसके अलावा राजस्थान रॉयल्स और पंजाब किंग्स जैसी आईपीएल टीमों के लिए स्पिन बॉलिंग कोच की भूमिका भी निभाई. बहुतुले ने कई मौकों पर इंडिया ‘ए’ और सीनियर पुरुष टीम के साथ एक स्पेशलिस्ट बॉलिंग कोच के तौर पर भी करीब से काम किया है. साल 2021 से 2024 तक, वह बीसीसीआई की नेशनल क्रिकेट एकेडमी (जिसे अब ‘सेंटर ऑफ एक्सीलेंस’ के नाम से जाना जाता है) के कोचिंग स्टाफ का एक अहम हिस्सा थे.

टीम इंडिया से जुड़ने पर क्या बोले बहुतुले

घरेलू और अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में कोचिंग का अच्छा-खासा अनुभव हासिल करने के बाद बहुतुले इस भूमिका में आए हैं. अपनी नियुक्ति पर खुशी जताते हुए बहुतुले ने कहा कि भारतीय पुरुष क्रिकेट टीम का स्पिन बॉलिंग कोच नियुक्त होना मेरे लिए बहुत बड़ा सम्मान है. बतौर खिलाड़ी भारत का प्रतिनिधित्व करना मेरे लिए बहुत गर्व की बात थी. अब कोचिंग की भूमिका में भारतीय क्रिकेट में एक बार फिर योगदान देने का मौका मिलना बहुत खास है. मैं खिलाड़ियों के साथ काम करने और सभी फॉर्मेट में टीम की बेहतरीन प्रदर्शन की कोशिशों में उनका साथ देने के लिए उत्सुक हूं.

Editor's Pick