19 नवंबर से घरेलू क्रिकेट को बहाल कर सकती है BCCI, शुरुआती मैचोंं में नहीं खेल पाएंगे IPL में खेलने वाले खिलाड़ी

इस साल विजय हजारे ट्रॉफी, दलीप ट्रॉफी या चैलेंजर ट्रॉफी का आयोजन नहीं होगा और अब तक के कार्यक्रम के अनुसार ईरानी कप को लेकर भी कोई योजना नहीं है

Edited By : India.com Staff |Aug 10, 2020, 08:15 AM IST

Published On Aug 10, 2020, 08:15 AM IST

Last UpdatedAug 10, 2020, 08:15 AM IST

कोविड-19 महामारी (COVID-19)के कारण घरेलू सीजन में देरी का मतलब है कि सिर्फ मुश्ताक अली ट्रॉफी (Mushtaq Ali Trophy) और रणजी ट्रॉफी (Ranji Trophy) का आयोजन हो पाएगा जिसमें 38 टीमें दोनों प्रारूपों में मिलाकर 245 मैच खेलेंगी. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी के साथ 19 नवंबर की संभावित तारीख के साथ घरेलू सत्र शुरू करने की योजना बना रहा है लेकिन इंडियन प्रीमियर लीग (Indian Premier League 2020) की विभिन्न टीमों से खेलने वाले भारतीय खिलाड़ी पृथकवास से जुड़े नियमों के कारण कुछ शुरुआती दौर के मुकाबलों में नहीं खेल पाएंगे.

इस साल नहीं होगा विजय हजारे, दलीप या चैलेंजर ट्रॉफी का आयोजन 

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

इस साल विजय हजारे ट्रॉफी (Vijay Hazare Trophy) , दलीप ट्रॉफी (Duleep Trophy) या चैलेंजर ट्रॉफी का आयोजन नहीं होगा और अब तक के कार्यक्रम के अनुसार ईरानी कप (Irani Cup) को लेकर भी कोई योजना नहीं है. बीसीसीआई (BCCI) के वरिष्ठ अधिकारी ने नाम जाहिर नहीं करने की शर्त पर बताया, ‘यह अस्थाई सूची है जिसे तैयार किया गया है और इसे स्वीकृति के लिए अध्यक्ष सौरव गांगुली (Sourav Ganguly) और सचिव जय शाह (Jay Shah) के पास भेजा गया है.’

आईपीएल से लौटने के बाद खिलाड़ियों कोे 14 दिन तक पृथकवास में रहना होगा

आईपीएल (IPL 2020) खेलकर लौटने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नियमों के अनुसार 14 दिन तक पृथकवास में रहना होगा. अधिकारी ने कहा, ‘यह मुद्दा मुख्य रूप से उन खिलाड़ियों के साथ है जिन्होंने अंतरराष्ट्रीय मैच नहीं खेले हैं और टीम के साथ हैं तथा कुछ क्रिकेट खेलना चाहते हैं. अगर खिलाड़ी की टीम प्ले आफ से पहले भी बाहर हो जाती है तो भी वह तीन नवंबर से पहले वापस नहीं आ पाएगा और 17 नवंबर तक उसे पृथकवास में रहना होगा.’

उन्होंने कहा, ‘जिनकी टीमों ने प्ले आफ में जगह बनाई है और फाइनल में पहुंच सकती हैं, उन्हें शुरुआती कुछ दौर के मुकाबलों से बाहर रहना होगा. लेकिन यह मसौदा प्रस्ताव है और इसमें बदलाव हो सकता है.’

अगले साल मार्च के अंत या अप्रैल की शुरुआत में हो सकता है आईपीएल 

बीसीसीआई के अगला आईपीएल मार्च के अंत से या अप्रैल की शुरुआत से भारत में कराने की उम्मीद है और ऐसे में रणजी फाइनल और आईपीएल की शुरुआत में तीन हफ्ते का ब्रेक जरूरी है जिससे कि खिलाड़ी व्यस्त टूर्नामेंट से उबर सकें.

रणजी ट्रॉफी के प्रारूप को क्षेत्रीय प्रारूप में कराने की अटकलें हैं

इस बीच रणजी ट्रॉफी के प्रारूप को क्षेत्रीय प्रारूप में कराने की अटकलें हैं लेकिन अधिकारी ने कहा कि ऐसा होने की संभावना नहीं है. पिछले दो साल से ग्रुप ए और बी से शीर्ष पांच टीमें रणजी क्वार्टर फाइनल में जगह बनाती थी जबकि इस साल ए, बी और सी से शीर्ष दो टीमें अंतिम आठ में जगह बनाएंगी.

सातवीं टीम तीनों ग्रुप से तीसरे स्थान पर रहने वाली सर्वश्रेष्ठ टीम होंगी जबकि क्वार्टर फाइनल की अंतिम टीम का फैसला ग्रुप डी और ग्रुप ई के चैंपियन के बीच प्ले आफ मुकाबले से होगा.

Editor's Pick