×

बीसीसीआई ने किया बड़ा ऐलान, इन प्लेयर्स के लिए खोल दिया खजाना

पिछले साल बीसीसीआई ने घरेलू टूर्नामेंटों के लिए पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी की थी और रणजी ट्रॉफी विजेता को पांच करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया था

user-circle cricketcountry.com Written by Akhilesh Tripathi
Last Updated on - August 26, 2024 10:59 PM IST

नई दिल्ली. बीसीसीआई ने घरेलू स्तर पर सभी महिला और जूनियर क्रिकेट प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेने वाले प्लेयर्स को बड़ी सौगात दी है. बीसीसीआई ने इस टूर्नामेंट में खिलाड़ियों के लिए ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ (मैच का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी) और ‘प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट’ (टूर्नामेंट का सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी) पुरस्कार विजेताओं के लिए पुरस्कार राशि की शुरुआत की है.

सोशल मीडिया पर एक पोस्ट में बीसीसीआई सचिव जय शाह शाह ने घोषणा करते हुए कहा कि इसके अलावा पुरुष क्रिकेट में विजय हजारे और सैयद मुश्ताक अली प्रतियोगिता में ‘प्लेयर ऑफ द मैच’ के लिए पुरस्कार राशि दी जाएगी.

बीसीसीआई सचिव ने ट्वीट कर दी जानकारी

शाह ने ट्वीट किया, हम अपने घरेलू क्रिकेट कार्यक्रम के तहत सभी महिला और जूनियर क्रिकेट टूर्नामेंट में प्लेयर ऑफ द मैच और प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट के लिए पुरस्कार राशि की शुरुआत कर रहे हैं. उन्होंने कहा, इसके अतिरिक्त सीनियर पुरुषों के लिए विजय हजारे और सैयद मुश्ताक अली टूर्नामेंट में प्लेयर ऑफ द मैच के लिए पुरस्कार राशि दी जाएगी. इस पहल का उद्देश्य घरेलू सर्किट में उत्कृष्ट प्रदर्शन को मान्यता देना और पुरस्कृत करना है.

शाह ने कहा, इस प्रयास में अटूट समर्थन के लिए शीर्ष परिषद को हार्दिक धन्यवाद, साथ मिलकर हम अपने क्रिकेटरों के लिए और अधिक बेहतर माहौल तैयार कर रहे हैं, जय हिंद.

बीसीसीआई ने पिछले साल घरेलू टूर्नामेंट की पुरस्कार राशि बढ़ाई थी

पिछले साल बीसीसीआई ने घरेलू टूर्नामेंटों के लिए पुरस्कार राशि में बढ़ोतरी की थी और रणजी ट्रॉफी विजेता को पांच करोड़ रुपये का नकद पुरस्कार दिया गया था. ईरानी कप के लिए नकद पुरस्कार भी दोगुना कर दिया गया था जिसमें विजेताओं को 25 लाख रुपये के बजाय 50 लाख रुपये दिए गए थे और उपविजेता टीम को 25 लाख रुपये दिए गए थे.

दलीप ट्रॉफी में अब चैंपियन को एक करोड़ रुपये और उपविजेता टीम को 50 लाख रुपये मिलते हैं जबकि विजय हजारे ट्रॉफी के विजेताओं को एक करोड़ रुपये और दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 50 लाख रुपये मिलते हैं.