- क्रिकेट न्यूज़
- News
- BCCI Invites Applications For Indian Women’s Team Coach
बीसीसीआई ने भारतीय महिला टीम के कोच के लिए आवेदन मांगे
इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में अनुभवी बल्लेबाज मिताली राज को बाहर रखने के कारण विवाद पैदा हुआ था।
Published On Nov 30, 2018, 08:40 PM IST
Last UpdatedNov 30, 2018, 08:40 PM IST
Mithali-raj-and-Ramesh-Powar
सीनियर खिलाड़ी मिताली राज और कोच रमेश पोवार के मतभेद के जगजाहिर होने के बाद बीसीसीआई ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम के नए कोच के लिए आवेदन मंगवाया है।
बोर्ड किसी इंटरनेशनल पुरुष क्रिकेटर को यह जिम्मेदारी सौंपना चाहता है।
बोर्ड की सूत्रों की माने तो इंटरनेशनल क्रिकेट में खुद को साबित कर चुके टॉम मूडी, डेव व्हाटमोर और वेंकटेश प्रसाद ऐसे नाम है जिन पर बोर्ड विचार कर रहा है।
यह पता चला है कि बीसीसीआई वेस्टइंडीज में हुए आईसीसी महिला विश्व टी20 के दौरान टीम के सेमीफाइनल में हारने तथा मिताली और कोच रमेश पोवार के बीच मतभेद जैसी स्थिति फिर नहीं चाहता है।
इंग्लैंड के खिलाफ सेमीफाइनल में मिताली को बाहर रखने के कारण विवाद पैदा हुआ था। भारत को इंग्लैंड ने उस मैच में आठ विकेट से हराया था।
मिताली ने आरोप लगाया कि पोवार उन्हें बर्बाद करना चाहते हैं जबकि कोच ने उनके रवैये पर सवाल उठाए थे।
पोवार की नियुक्ति अगस्त में हुई थी जब तुषार अरोठे ने सीनियर खिलाड़ियों के साथ मतभेद के कारण पद छोड़ दिया था।
ये है बोर्ड की शर्त
बीसीसीआई ने इस पद के लिए जो अर्हताएं तय की हैं उसमें उम्मीदवार के पास किसी इंटरनेशनल टीम को एक सत्र तक कोचिंग देने का अनुभव होना या किसी टी20 फ्रेंचाइजी के साथ दो सत्र तक कोचिंग देने का अनुभव शामिल है।
टॉम मूडी बैठते हैं फिट
पूर्व ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मूडी इस जरूरत के पूरी तरह से फिट बैठते है जबकि प्रसाद ने किंग्स इलेवन पंजाब के साथ जुड़ने से पहले भारतीय टीम के साथ गेंदबाजी कोच के रूप में काम किया है। व्हाटमोर ने 1996 में श्रीलंका को वनडे में विश्व चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई थी।
20 दिसंबर को होगा इंटरव्यू
बीसीसीआई की जरूरत के मुताबिक उम्मीदवार के पास, ‘ विभिन्न पृष्ठभूमि और संस्कृतियों के लोगों के साथ सामंजस्य बैठाने और बातचीत करने की क्षमता होनी चाहिए और उसने इंटरनेशनल स्तर पर भारत या किसी अन्य देश का प्रतिनिधित्व किया हो या उसके पास कोचिंग में एनसीए लेवल ‘सी’ का प्रमाण पत्र या इसी स्तर की किसी संस्था का प्रमाण पत्र और कम से कम 50 प्रथम श्रेणी मैचों का अनुभव होना चाहिए।’
इस पद के लिए 20 दिसंबर को मुंबई स्थित बीसीसीआई मुख्यालय में इंटरव्यू होगा। यह नियुक्ति पूर्णकालिक होगी और अनुबंध दो साल के लिए होगा। उम्मीदवार की उम्र 60 साल से कम होनी चाहिए।
(इनपुट-भाषा)