This website uses cookies so that we can provide you with the best user experience possible. Cookie information is stored in your browser and performs functions such as recognising you when you return to our website and helping our team to understand which sections of the website you find most interesting and useful.
Ravichandran Ashwin और Mithali Raj की खेल रत्न के लिए सिफारिश करेगा बीसीसीआई
इस साल खेलों के सर्वोच्च पुरस्कार खेल रत्न के लिए BCCI ने अश्विन और मिताली के नाम की सिफारिश की है. इसके अलावा 3 खिलाड़ियों के नाम अर्जुन अवॉर्ड के लिए भी भेजने का फैसला किया है.
Written by Arun Kumar
Last Published on - June 30, 2021 3:00 PM IST

Khel Ratna Award 2021: देश के सर्वोच्च खेल सम्मान राजीव गांधी खेल रत्न पुरस्कार (Rajiv Gandhi Khel Ratna Award 2021) के लिए भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोल्ड (BCCI) महिला क्रिकेट टीम की कप्तान और दिग्गज बल्लेबाज मिताली राज (Mithali Raj) और पुरुष टीम के दिग्गज स्पिनर रविचंद्रन अश्विन (Ravichandran Ashwin) के नाम की सिफारिश करने का फैसला किया है. बीसीसीआई ने अर्जुन पुरस्कार के लिए भी पुरुष टीम के तीन खिलाड़ियों का नाम भेजने की बात कही है. लेकिन इनमें एक भी नाम महिला टीम से नहीं है.
अर्जुन पुरस्कार के लिए बोर्ड सीनियर बल्लेबाज शिखर धवन (Shikhar Dhawan), लोकेश राहुल (KL Rahul) और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह (Jasprit Bumrah) का नाम भेजेगा. पिछले साल धवन के नाम की अनदेखी की गई थी. बीसीसीआई के अधिकारी ने बुधवार को पीटीआई को बताया, ‘अर्जुन पुरस्कार के लिए किसी महिला क्रिकेटर को नामित नहीं किया गया है. खेल रत्न के लिए मिताली के नाम की सिफारिश की गई है.’
यह देखना होगा कि खेल मंत्रालय द्वारा नियुक्त पैनल ओलंपिक वर्ष में मिताली को पुरस्कार के लिए चुनता है या नहीं. मिताली ने पिछले हफ्ते अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 22 साल पूरे किए. यह 38 वर्षीय खिलाड़ी सात हजार से अधिक रन के साथ एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में सबसे सफल बल्लेबाज है.
मिताली की तरह ही अर्जुन पुरस्कार हासिल कर चुके अश्विन ने टेस्ट क्रिकेट में भारत के लिए लगातार अच्छा प्रदर्शन किया है. उन्होंने 79 टेस्ट में 413 विकेट चटकाने के अलावा एकदिवसीय और टी20 अंतरराष्ट्रीय मैचों में भी क्रमश: 150 और 42 विकेट चटकाए हैं. वह हालांकि अब छोटे प्रारूप में भारत के लिए नहीं खेल रहे हैं.
धवन श्रीलंका में सीमित ओवरों की आगामी सीरीज में भारत की कप्तानी करेंगे और वह अर्जुन पुरस्कार के प्रबल दावेदार हैं. बाएं हाथ के इस बल्लेबाज ने 142 एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय मैचों में 5977 रन बनाने के अलावा टेस्ट क्रिकेट और टी20 मैचों में भारत के लिए क्रमश: 2315 और 1673 रन बनाए.
इनपुट: भाषा
