- क्रिकेट न्यूज़
- News
- BCCI registers new constitution in Tamil Nadu registrar of societies
BCCI ने नया संविधान तमिलनाडु रजिस्ट्रार ऑफ सोसायटीज में पंजीकृत कराया
सुप्रीम कोर्ट ने 9 अगस्त 2018 को बीसीसीआई के लिए नया अनुमोदित और निर्देशित संविधान लागू किया था।
Published On Aug 21, 2018, 07:03 PM IST
Last UpdatedAug 21, 2018, 07:03 PM IST
भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने आज अपना नया संविधान तमिलनाडु रजिस्ट्रार ऑफ सोसायटीज में पंजीकृत करा लिया है। जिसके बाद प्रशासकों की समिति के लिए चुनावों की तैयारी करने का रास्ता साफ हो गया। नया संविधान सुप्रीम कोर्ट से नियुक्त लोढ़ा समिति की सिफारिशों के अनुकूल तैयार किया गया है।
बीसीसीआई ने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘माननीय सुप्रीम कोर्ट के नौ अगस्त 2018 के आदेश का पालन करते हुए बीसीसीआई ने माननीय उच्चतम न्यायालय से अनुमोदित और निर्देशित नया संविधान आज अपने सीईओ राहुल जोहरी के जरिए चेन्नई में तमिलनाडु रजिस्ट्रार ऑफ सोसायटीज में पंजीकृत करवाया।’’
सीओए में चेयरमैन विनोद राय और डायना एडुल्जी शामिल हैं। उन्होंने विज्ञप्ति में कहा, ‘‘हम माननीय उच्चतम न्यायालय का उनके निर्देशों के लिये आभार व्यक्त करते हैं और चेन्नई में तमिलनाडु रजिस्ट्रार ऑफ सोसायटीज में आज नये संविधान को सौंपने के साथ ही प्रक्रिया शुरू होने पर खुश हैं। हम उच्चतम न्यायालय के सभी निर्देशों तो पूरी तरह से लागू करने के लिये प्रतिबद्ध हैं।’’
सीओए ने आगे कहा कि राज्य संघों को 30 दिन के अंदर उच्चतम न्यायालय के आदेश और रिपोर्ट का पालन करने की पुष्टि करनी है। राय ने पीटीआई से कहा, ‘‘अब संविधान को अधिसूचित कर दिया गया है जिससे हम जल्द ही चुनाव कराने के लिये खाका तैयार कर पाएंगे।’’
(पीटीआई के इनपुट के साथ)