×

भारतीय क्रिकेटरों के लिए अभ्यास कैंप आयोजित करने पर काम कर रही है BCCI लेकिन समय सीमा अनिश्चित

इंग्लैंड, श्रीलंका, वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के कुछ खिलाड़ियों ने ट्रेनिंग शुरू कर दी है।

user-circle cricketcountry.com Written by India.com Staff
Last Published on - June 1, 2020 7:09 PM IST

अब जबकि इंग्लैंड, श्रीलंका और वेस्टइंडीज क्रिकेट बोर्ड ने अपने खिलाड़ियों को अभ्यास की इजाजत दे दी है तो भारतीय फैंस बीसीसीआई (BCCI) के टीम इंडिया को ट्रेनिंग की अनुमति देने का इंतजार कर रहे हैं। हालांकि बीसीसीआई कोषाध्यक्ष अरूण धूमल के मुताबिक इसमें अभी काफी समय लग सकता है।

धूमल ने कहा, ‘‘राष्ट्रीय शिविर की बहाली पर बात चल रही है। क्रिकेट परिचालन टीम और एनसीए स्टाफ इसकी संभावना पर काम कर रहा है। अलग अलग राज्य में लॉकडाउन में रियायत संबंधी अलग अलग दिशा निर्देश हैं। हमें उसके अनुसार फैसला लेना होगा। हर कोई अलग अलग राज्य से है। वो अपने राज्य संघों से तालमेल के साथ अभ्यास कर सकते हैं जब तक कि पूरी टीम एक साथ नहीं आती।’’

इंग्लैंड के क्रिकेटरों ने टुकड़ों में अभ्यास शुरू कर दिया है। ऑस्ट्रेलिया के शीर्ष क्रिकेटर डेविड वार्नर और स्टीव स्मिथ ने सोमवार को न्यू साउथ वेल्स के साथ अभ्यास सत्र में भाग लिया।

भारत में घरेलू उड़ानें शुरू हुए एक सप्ताह हो चुका है। धूमल ने कहा कि बोर्ड राष्ट्रीय शिविर के लिए ऐसी जगह तलाशेगा जहां खिलाड़ियों की सुरक्षा की पूरी गारंटी हो।

TRENDING NOW

उन्होंने कहा, ‘‘उड़ानें अभी शुरू हुई हैं। हमें देखना होगा कि हालात क्या रहते हैं और ऐसी सुरक्षित जगह तलाशनी होगी जहां खिलाड़ी सौ फीसदी सुरक्षित रहें। अभी कहा नहीं जा सकता कि खिलाड़ी एक साथ कब आएंगे।’’