- क्रिकेट न्यूज़
- News
- BCCI yet to decide on Indian women team’s next series
वर्ल्ड कप फाइनल तक पहुंचने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम की अगली सीरीज तय नहीं?
मिताली राज ने कहा उनका ध्यान अगले साल होने वाले वर्ल्ड टी-20 पर
Published On Jul 27, 2017, 08:51 PM IST
Last UpdatedJul 27, 2017, 08:51 PM IST

भारतीय महिला टीम भले ही अभी लगातार सम्मान समारोहों में भाग ले रही है लेकिन देश की नयी क्रिकेट स्टार ये नहीं जानती कि वो अगले किस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट में हिस्सा लेंगी। मिताली राज और उनकी टीम को देश या विदेश में फिलहाल किसी सीरीज में नहीं खेलना है और बीसीसीआई ने भी अभी तय नहीं किया है कि टीम आगे कहां खेलेगी। कार्यवाहक सचिव अमिताभ चौधरी ने एसजीएम के बाद कहा, ‘हम महिलाओं के लिये अंतर्राष्ट्रीय मैच के कार्यक्रम पर जल्द ही चर्चा करेंगे।’
वैसे कप्तान मिताली राज ने गुरुवार को बयान देते हुए कहा कि अब टीम इंडिया अगले साल होने वाले आईसीसी महिला वर्ल्ड टी20 की तैयारियों पर जोर देगी। उन्होंने कहा, ‘हमारा ध्यान अब विश्व टी20 पर है जो अगले साल होनी है। उसके लिये हमें अभी से तैयारियां करनी होंगी।’ भारतीय टीम ने आईसीसी महिला विश्व कप के फाइनल में दूसरी बार जगह बनाई थी, हालांकि टीम को लॉर्ड्स मैदान पर खेले गए खिताबी मुकाबले में मेजबान इंग्लैंड के हाथों नौ रन के मामूली अंतर से हार झेलनी पड़ी थी। ये भी पढ़ें-रेलवे ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम को दिया बड़ा ‘तोहफा’
बीसीसीआई ने दिया 50 लाख का चेक
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) ने आईसीसी विश्व कप में फाइनल तक का सफर तय करने वाली भारतीय महिला क्रिकेट टीम की हर सदस्य को गुरुवार को 50 लाख रुपये का चेक दिया।
बीसीसीआई ने दिल्ली में ताजमान सिंह होटल में आयोजित सम्मान समारोह में खिलाड़ियों को पुरस्कार दिया। खिलाड़ियों के अलावा टीम के सपोर्ट स्टाफ को भी 25-25 लाख रुपये का चेक दिया गया। गुरुवार को ही रेलवे ने भी भारतीय टीम में खेलने वाली अपनी 10 खिलाड़ियों को 13-13 लाख रुपये का चेक दिया।