×

विराट और रोहित के कॉन्ट्रैक्ट पर फैसला लेगा BCCI, गिल का हो सकता है प्रमोशन!

भारतीय क्रिकेट बोर्ड 22 दिसंबर को अपनी एजीएम में बड़ा फैसला होने की उम्मीद है. इसमें रोहित शर्मा और विराट कोहली के कॉन्ट्रैक्ट पर भी चर्चा हो सकती है.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - December 11, 2025 10:06 AM IST

मुंबई: BCCI Contract Rohit and Virat: भारतीय सुपरस्टार विराट कोहली और रोहित शर्मा के कॉन्ट्रैक्ट पर BCCI फैसला ले सकता है. इसके साथ घरेलू क्रिकेट में महिला खिलाड़ियों के कॉन्ट्रैक्ट में बदलाव पर भी भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड की बैठक में निर्णय लिया जाएगा. BCCI की शीर्ष परिषद की सालाना आम बैठक 22 दिसंबर को होगी.

शीर्ष परिषद की 31वीं एजीएम ऑनलाइन होगी जिसमें कोहली और रोहित के कॉन्ट्रैक्ट पर फैसला होने की उम्मीद है. ये दोनों पिछले एक साल में टेस्ट और टी20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं और अब सिर्फ एकदिवसीय अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट खेलते हैं.

इस बारे में भारत के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल को सीनियर ऑलराउंडर रविंद्र जडेजा और तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह के साथ ‘ए प्लस’ वर्ग में रखा जा सकता है. अन्य मामलों में अंपायरों और मैच रेफरी के भुगतान में बदलाव के साथ-साथ बोर्ड की डिजिटल संपत्तियों के अपडेट पर भी चर्चा होगी.

यह बीसीसीआई के अधिकारियों में बदलाव के बाद शीर्ष परिषद की पहली एजीएम होगी. मिथुन मन्हास सितंबर में बोर्ड के अध्यक्ष बने और रघुराम भट्ट को कोषाध्यक्ष बनाया गया जबकि देवजीत सैकिया और प्रभतेज सिंह भाटिया को क्रमश: सचिव और संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया. बोर्ड के पिछले चुनावों में सौराष्ट्र क्रिकेट संघ के अध्यक्ष जयदेव शाह भी काउंसलर के तौर पर बोर्ड में शामिल हुए.

बीसीसीआई के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट में अभी ए प्लस वाले खिलाड़ियों को सालाना 7 करोड़ रुपये मिलते हैं. वहीं ए कैटेगिरी के खिलाड़ियों को पांच करोड़, बी कैटेगिरी में शामिल खिलाड़ियों को तीन करोड़ और सी में 1 करोड़ रुपये वार्षिक दिए जाते हैं. शुरुआत में ए प्लस उन खिलाड़ियों को दिया गया था जो तीनों फॉर्मेट खेलते थे. अब चूंकि विराट और रोहित सिर्फ एक ही फॉर्मेट खेलते हैं तो क्या बीसीसीआई इसमें बदलाव करेगा, यह देखने वाली बात होगी.

BCCI अनुबंध 2024-25 – खिलाड़ियों की सूची:


ग्रेड ए+: रोहित शर्मा, विराट कोहली, जसप्रीत बुमराह, रविंद्र जड़ेजा

ग्रेड ए: मोहम्मद सिराज, केएल राहुल, शुभमन गिल, हार्दिक पंड्या, मोहम्मद शमी, ऋषभ पंत

ग्रेड बी: सूर्यकुमार यादव, कुलदीप यादव, अक्षर पटेल, यशस्वी जयसवाल, श्रेयस अय्यर

TRENDING NOW

ग्रेड सी: रिंकू सिंह, तिलक वर्मा, रुतुराज गायकवाड़, शिवम दुबे, रवि बिश्नोई, वाशिंगटन सुंदर, मुकेश कुमार, संजू सैमसन, अर्शदीप सिंह, प्रसिद्ध कृष्णा, रजत पाटीदार, ध्रुव जुरेल, सरफराज खान, नितीश कुमार रेड्डी, इशान किशन, अभिषेक शर्मा, आकाश दीप, वरुण चक्रवर्ती, हर्षित राणा