- Home
- News
- Beating india in t20 world cup was biggest achievement of 2021 for pakistan team babar azam 5166065
टी20 विश्व कप में भारत को हराना पाकिस्तान टीम के लिए 2021 की सबसे बड़ी उपलब्धि: बाबर आजम
टी20 विश्व कप टूर्नामेंट में 23 अक्टूबर को खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से करारी मात दी थी।
Published On Jan 01, 2022, 06:24 PM IST
Last UpdatedJan 01, 2022, 06:24 PM IST
पाकिस्तान क्रिकेट टीम के कप्तान बाबर आजम (Babar Azam) ने भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप में मिली जीत को साल 2021 का सर्वश्रेष्ठ पल बताया है। यूएई में आयोजित हुए टी20 विश्व कप टूर्नामेंट में 23 अक्टूबर को खेले गए मुकाबले में पाकिस्तान ने भारत को 10 विकेट से करारी मात दी थी। इस जीत से साथ पाकिस्तान ने विश्व कप में भारत के खिलाफ कभी ना जीत पाने का अपना रिकॉर्ड भी तोड़ा।
आजम ने कहा, “बतौर टीम ये एक शानदार उपलब्धि थी क्योंकि हम इतने सालों से विश्व कप में भारत के खिलाफ नहीं जीत पा रहे थे। ये साल का सबसे शानदार पल था।”
उन्होंने कहा कि भारत के खिलाफ जीत ने खिलाड़ियों का आत्मविश्वास बढ़ाने का काम किया। जिससे कि टीम को बांग्लादेश और फिर वेस्टइंडीज के खिलाफ सीरीज जीतने में मदद मिली।
बाबर ने कहा कि पाकिस्तान टीम ने इस साल कई उपलब्धियां हासिल की हैं। उन्होंने कहा, “सबसे ज्यादा खुशी युवा खिलाड़ियों को दबाव भरे हालातों में प्रदर्शन करते देखने में हुई। ये अच्छा है कि हम अब युवा प्रतिभाओं को ला रहे हैं।”
भारत के खिलाफ जीत को बड़ा पल बताने के साथ साथ कप्तान आजम ने ये भी कहा कि विश्व कप टूर्नामेंट में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ सेमीफाइनल में मिली हार पाकिस्तान टीम के लिए सबसे निराशाजनक थी। उन्होंने कहा, “इस साल मुझे सबसे ज्यादा तकलीफ उस हार से हुई क्योंकि हम एक टीम के तौर पर इतना अच्छा खेल रहे थे।”