×

बीच मैदान में हरभजन सिंह और शिखर धवन के बीच जोर आजमाइश

भारतीय क्रिकेट टीम के फेसबुक पेज ने पोस्ट की पंजा लड़ाते हुए हरभजन सिंह और शिखर धवन की तस्वीर, तो बीसीसीआई ने ट्वीटर पर पोस्ट किया इस मुकाबले का वीडियो

user-circle cricketcountry.com Written by Cricket Country Staff
Last Updated on - February 23, 2016 3:09 PM IST

मैदान पर जोर आजमाइश करते दिखे हरभजन सिंह और शिखर धवन © Indian Cricket Team Facebook Page
मैदान पर जोर आजमाइश करते दिखे हरभजन सिंह और शिखर धवन © Indian Cricket Team Facebook Page

एशिया कप के लिए भारतीय टीम बांग्लादेश पहुंच चुकी है। 24 फरवरी को भारत मेजबान बांग्लादेश के साथ अपना पहला मुकाबला खेलेगी। लेकिन उससे पहले मैदान पर दो भारतीय खिलाड़ियों के बीच आपसी भिड़ंत देखने को मिली। जी हां दो भारतीय खिलाड़ी आपस में बीच मैदान भिड़ गए। भारतीय टीम के दो सदस्य शिखर धवन और हरभजन से एशिया कप में विपक्षी टीमों से भिड़ने से पहले आपस में ही भिड़ गए, लेकिन ये भिड़ंत थी पंजा लड़ाने की। धवन और हरभजन की एक तस्वीर भारतीय क्रिकेट टीम के फेसबुक पेज पर शेयर की गई है। इस तस्वीर में दोनों खिलाड़ी आपस में पंजा लड़ाते दिख रहे हैं। तो इसी मुकाबले का वीडियो बीसीसीआई ने अपने ऑफिसियल ट्वीटर पेज पर शेयर किया है। ALSO READ: भारत बनाम बांग्लादेश(प्रिव्यु): जीत के साथ एशिया कप का अभियान शुरू करना चाहेगी भारतीय टीम

शिखर धवन और हरभजन सिंह ने अपने-अपने फेसबुक पेज पर इस मुकाबले की फोटो को शेयर किया है। धवन ने इस फोटो को अपने पेज पर शेयर करते हुए दोनों के बीच इस मुकाबले को गब्बर बनाम भज्जी का नाम दिया है। गौरतलब है धवन और भज्जी भारतीय ड्रेसिंग रूम में अपने प्रैंक्स के लिए जाने जाते हैं और टीम के अन्य खिलाड़ियों के साथ अक्सर प्रैंक्स करते रहते हैं। गब्बर बनाम भज्जी के इस मुकाबले में बाजी किसी के हाथ नहीं लगी क्योंकि मुकाबला बराबरी का रहा। हालांकि दोनों खिलाड़ियों ने जीत के लिए अपना पूरा जोर लगा दिया।

मौजूदा समय में खिलाड़ी सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव हैं और अपनी तस्वीरें फेसबुक, ट्वीटर, इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया माध्यमों से अपने फैंस तक पहुंचाते रहते हैं। एशिया कप के आगाज से पहले शिखर धवन और हरभजन सिंह की ये मस्ती टीम के खिलाड़ियों के बीच के संबंधों को दिखाती है। इन दोनों को देखकर कोई नहीं कह सकता कि टीम इंडिया के ड्रेसिंग रूम में खिलाड़ियों के बीच कोई खटपट भी है।