×

इंग्लैंड-दक्षिण अफ्रीका दूसरा टेस्ट: टेस्ट मैच के दूसरे दिन इंग्लैंड ने लगाया रनों का अंबार, दक्षिण अफ्रीका 141/2

टेस्ट मैच के दूसरे दिन दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 2 विकेट पर 141 रन बना लिए हैं

user-circle cricketcountry.com Written by Cricket Country Staff
Last Updated on - January 4, 2016 12:05 PM IST

दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 141/2 का स्कोर बना लिया है
दक्षिण अफ्रीका ने पहली पारी में 141/2 का स्कोर बना लिया है

दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड के बीच न्यूलैंड्स कैपटाउन में खेले जा रहे दूसरे टेस्ट मैच के दूसरे दिन दक्षिण अफ्रीका ने अपनी पहली पारी में 2 विकेट पर 141 रन बना लिए हैं। दिन का खेल खत्म होने तक दक्षिण अफ्रीका के कप्तान हाशिम अमला(64*) और एबी डीविलियर्स 25 रन बनाकर खेल रहे हैं। इससे पहले दूसरे दिन इंग्लैंड ने पहले दिन के स्कोर 5 विकेट पर 317 रनों से आगे खेलना शुरू किया। पहले दिन के नाबाद बल्लेबाज बेन स्टोक्स खेल के दूसरे दिन कुछ अलग अंदाज में ही बल्लेबाजी करते नजर आए और उन्होंने मैदान के चारों तरफ स्ट्रोक खेले। स्टोक्स ने इसी दौरान टेस्ट क्रिकेट का दूसरा सबसे तेज 163 गेंदों में दोहरा शतक ठोंका और अपने इरादों से दक्षिण अफ्रीकी टीम को वाकिफ करवाया। फुल स्कोरकार्ड: दक्षिण अफ्रीका बनाम इंग्लैंड, दूसरा टेस्ट कैपटाउन

स्टोक्स ने आउट होने से पहले 198 गेंदों पर 258 रनों की पारी खेली। साथ ही उन्होंने छठे विकेट के लिए जॉनी बेरिस्टो(150*) के साथ 299 रनों की साझेदारी की। स्टोक्स के आउट होने के कुछ देर बाद ही इंग्लैंड के कप्तान एलिस्टियर कुक ने इंग्लैंड की पारी 629/6 पर घोषित कर दी। पहली पारी में कागिसो रबाडा के अलावा दक्षिण अफ्रीका का कोई भी गेंदबाज इंग्लैंड के बल्लेबाजों को प्रभावित नहीं कर पाया। रबाडा ने तीन विकेट लिए वहीं मोर्ने मोर्केल और क्रिस मोरिस को एक-एक विकेट मिले। ये भी पढ़ें: टेस्ट क्रिकेट का दूसरा सबसे तेज दोहरा शतक जमाने वाले बल्लेबाज बने बेन स्टोक्स

TRENDING NOW

इंग्लैंड के 629 रनों के जवाब में बल्लेबाजी करने उतरी दक्षिण अफ्रीका टीम ने पारी के तीसरे ओवर में ही स्टियान वान ज़िल के रूप में अपना पहला विकेट गंवा दिया। ज़िल मात्र 4 रन बनाकर रन आउट हो गए। तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने आए दक्षिण अफ्रीकी कप्तान हाशिम अमला ने सूझबूझ के साथ बल्लेबाजी की और दूसरे विकेट के लिए सलामी बल्लेबाज डीन एल्गर(44) के साथ 78 रन जोड़े। एल्गर दक्षिण अफ्रीका के दूसरे विकेट के रूप में आउट हुए। उनके बाद अमला का साथ निभाने आए एबी डीविलियर्स ने कप्तान का अच्छा साथ निभाया और दूसरे दिन की समाप्ति पर वह 25* रन बनाकर नाबाद हैं। दक्षिण अफ्रीका अभी भी पहली पारी के आधार पर इंग्लैंड से 488 रन पीछे है। ये भी पढ़ें: टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम गेंदों में दोहरा शतक लगाने वाले पांच बल्लेबाज