• Home
  • News
  • Ben Stokes is Missing Virat Kohli Even Before India vs England Test Series

ENG vs IND: बेन स्टोक्स को अभी से आ रही है विराट कोहली की याद, बोले...

विराट कोहली मैदान पर अपने खेल के साथ-साथ जुझारूपन के लिए जाने जाते रहे हैं. उन्होंने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास ले लिया है. और इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स का कहना है कि कोहली को वह मिस करेंगे.

Edited By : Bharat Malhotra |Jun 18, 2025, 02:29 PM IST

Published On Jun 18, 2025, 02:29 PM IST

Last UpdatedJun 18, 2025, 02:29 PM IST

नई दिल्ली: इंग्लैंड के कप्तान बेन स्टोक्स को भारत के खिलाफ टेस्ट सीरीज से पहले विराट कोहली की कमी खलने लगी है. उनका कहना है कि 20 जून से शुरू हो रही पांच टेस्ट मुकाबलों की सीरीज मे ‘जर्सी नंबर-18’ को न देखना, काफी अजीब होगा. इंग्लैंड के दौरे पर भारत को कोहली की ‘जुझारू भावना’ की कमी खलेगी.

इंग्लैंड क्रिकेट ने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो शेयर किया है, जिसमें स्टोक्स ने कहा, ‘मुझे लगता है कि भारत को खेल में कोहली के जुझारूपन, उनकी होड़, जीतने की इच्छा की कमी खलेगी. उन्होंने 18 नंबर को अपना बना लिया है, है न? किसी भी भारतीय खिलाड़ी की पीठ पर 18 नंबर न देखना थोड़ा अजीब होगा, लेकिन वह लंबे समय से भारत के लिए बेहतरीन खिलाड़ी रहे हैं.’

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

इंग्लैंड के इस ऑलराउंडर ने आगे कहा, “कोहली अविश्वसनीय रहे हैं. वह इसके हकदार हैं. मुझे यकीन है कि भारत में उनकी बहुत तारीफ हुई है. यहां के खिलाड़ियों ने यकीनन उनकी तारीफ की है. आप जानते हैं कि उन्होंने इंग्लैंड के खिलाफ वास्तव में अच्छा प्रदर्शन किया है. इसलिए हां, वह एक बेहतरीन खिलाड़ी रहे हैं.”

स्टोक्स ने खुलासा किया है कि कोहली के टेस्ट से संन्यास लेने के बाद उन्होंने इस खिलाड़ी को मैसेज भेजा था. स्टोक्स ने कहा, “मैंने उन्हें मैसेज किया था कि उनके खिलाफ नहीं खेलना शर्म की बात होगी, क्योंकि मुझे विराट के खिलाफ खेलना पसंद है. हम दोनों को एक-दूसरे के खिलाफ खेलना पसंद करते हैं, क्योंकि जब हम मैदान पर होते हैं, तो हमारी मानसिकता एक जैसी होती है कि यह एक लड़ाई है.”

विराट कोहली ने अपने 14 साल के टेस्ट करियर में 46.85 की औसत से 9,230 रन बनाए हैं, जिसमें 30 शतक शामिल हैं. वह ग्रीम स्मिथ (53 जीत), रिकी पोंटिंग (48 जीत) और स्टीव वॉ (41 जीत) के बाद चौथे सबसे सफल टेस्ट कप्तान रहे हैं.

टीम इंडिया रोहित शर्मा और विराट कोहली जैसे खिलाड़ियों के बिना पांच टेस्ट मैचों के दौरे पर बड़ी चुनौती का सामना कर सकती है. इन दोनों खिलाड़ियों ने इंग्लैंड के दौरे से ठीक पहले टेस्ट क्रिकेट से संन्यास की घोषणा कर दी थी. अब भारतीय टेस्ट टीम की कमान युवा खिलाड़ी शुभमन गिल के हाथों में है.

इंग्लैंड का दौरा नए कप्तान गिल की कप्तानी में भारतीय क्रिकेट के लिए एक नए युग की शुरुआत का भी संकेत है. पांच मैचों की यह सीरीज दोनों टीमों के लिए आईसीसी विश्व टेस्ट चैंपियनशिप- 2025-27 चक्र की शुरुआत भी है.

भारत 20 जून से हेडिंग्ले क्रिकेट ग्राउंड पर पांच मैचों की सीरीज के पहले टेस्ट में इंग्लैंड का सामना करेगा. दूसरा टेस्ट 2 जुलाई से एजबस्टन में खेला जाएगा, जबकि तीसरा टेस्ट 10 जुलाई से प्रतिष्ठित लॉर्ड्स में आयोजित होगा. भारत और इंग्लैंड दोनों ही टीमें 23 जुलाई से ओल्ड ट्रैफर्ड में खेले जाने वाले चौथे टेस्ट के लिए मैनचेस्टर जाएंगी, जिसके बाद 31 जुलाई से लंदन के केनिंग्टन ओवल में टेस्ट सीरीज का समापन होगा.

भारत का लक्ष्य साल 2007 के बाद पहली बार इंग्लैंड में टेस्ट सीरीज जीतना है.

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick