भुवनेश्वर कुमार मेरे लिए 'प्लेयर ऑफ द सीजन', वेंकटेश अय्यर ने की तारीफ
आईपीएल 2026 का खिताब जीतने के बाद रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर ने तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार को अपना 'प्लेयर ऑफ द सीजन' बताया है। भुवनेश्वर कुमार ने इस सीजन के 16 मैचों में 28 विकेट लेकर टीम की खिताबी जीत में बड़ी भूमिका निभाई।
Published On Jun 03, 2026, 07:16 PM IST
Last UpdatedJun 03, 2026, 07:16 PM IST
Bhuvneshwar Kumar And Venkatesh Iyer
इंडियन प्रीमियर लीग 2026 का खिताब जीतने वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) के सलामी बल्लेबाज वेंकटेश अय्यर ने कहा है कि तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार उनके लिए प्लेयर ऑफ द सीजन हैं। आईपीएल के सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किए गए एक वीडियो में वेंकटेश अय्यर ने कहा, “आरसीबी टीम में प्लेयर ऑफ द सीजन के लिए मेरा वोट भुवनेश्वर कुमार को जाता है। वह हमें दिखाते हैं कि विंटेज हमेशा खास होता है। वह चीजों को साधारण लेकिन असरदार रखते हैं। उन्हें उनके पूरे फ्लो में देखकर बहुत अच्छा लगा।”
बता दें कि भुवनेश्वर कुमार ने आईपीएल 2026 में 16 मैचों में 28 विकेट लिए और टीम की लगातार दूसरी सफलता में अहम भूमिका निभाई। वेंकटेश अय्यर ने आगे कहा, “यह जीत मेरे लिए हमेशा खास यादें रहेंगी। मैंने पहले भी कुछ फाइनल खेले हैं, लेकिन यह बिल्कुल अलग लगा। ऐसा लगा जैसे पूरा देश हमारे साथ खेल रहा हो। मैंने सोशल मीडिया पर लोगों को हमारे लिए प्रार्थना करते, आरसीबी के लिए आरती करते और क्या-क्या करते देखा।”
आरसीबी के प्रदर्शन पर अय्यर ने क्या कहा
आरसीबी के प्रदर्शन पर अय्यर ने कहा, “यह कोई हैरानी की बात नहीं होनी चाहिए कि हम फाइनल में पहुंच गए या हम जीत गए क्योंकि जिस तरह से हमने अपना क्रिकेट खेला, जिस तरह से हमने यह सीजन खेला, मुझे लगता है कि हम जीतने के हकदार थे। मैं गुजरात टाइटंस को भी उनके शानदार कैंपेन के लिए बधाई देता हूं।” अय्यर ने कहा, “फाइनल में दो सबसे अच्छी टीमें खेलीं, और हमारे लिए, यह हमारा दिन था। यह कुछ ऐसा है जिसे मैं बहुत लंबे समय तक याद रखूंगा। मैं इस दिन के लिए भगवान का शुक्रिया अदा करना चाहता हूं।”
फाइनल में आरसीबी के लिए 16 गेंदों पर 32 रन बनाने वाले वेंकटेश अय्यर ने कप्तान रजत पाटीदार की प्रशंसा करते हुए कहा कि एक बल्लेबाज और कप्तान के तौर पर इस सीजन में वह शानदार रहे हैं।