• Home
  • News
  • Bhuvneshwar Kumar Krunal Pandya Stars as RCB won a thriller MI and LSG eliminated from the race to playoffs

IPL 2026: भुवनेश्वर- क्रुणाल के धमाल से आरसीबी की रोमांचक जीत, मुंबई- लखनऊ प्लेऑफ की रेस से बाहर

आरसीबी की टीम इस जीत के साथ 14 अंक लेकर प्वॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है.

Edited By : Akhilesh Tripathi |May 11, 2026, 12:00 AM IST

Published On May 11, 2026, 12:00 AM IST

Last UpdatedMay 11, 2026, 12:00 AM IST

RCB Win

RCB Win

भुवनेश्वर कुमार (चार विकेट) की घातक गेंदबाजी और क्रुणाल पांड्या के अर्धशतक (73) से आरसीबी ने रविवार को मुंबई इंडियंस को रोमांचक मुकाबले में दो विकेट से हरा दिया. आरसीबी की टीम इस जीत के साथ 14 अंक लेकर आईपीएल 2026 प्वॉइंट्स टेबल में टॉप पर पहुंच गई है. वहीं आरसीबी की जीत के बाद मुंबई इंडियंस के साथ- साथ लखनऊ सुपरजायंट्स भी प्लेऑफ की रेस से बाहर हो गई है.

आरसीबी ने 167 रन के टारगेट को क्रुणाल पांड्या के 46 बॉल में 73 रन की मदद से टारगेट को आखिरी बॉल पर हासिल कर लिया.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

167 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी आरसीबी की शुरुआत अच्छी नहीं रही. विराट कोहली को दीपक चाहर ने ‘गोल्डन डक’ पर पवेलियन भेजा. इसके बाद देवदत्त पडिक्कल भी 11 गेंदों का सामना करने के बाद 12 रन बनाकर आउट हुए। कप्तान रजत पाटीदार बल्ले से कुछ खास कमाल नहीं दिखा सके और वह 8 रन बनाकर आउट हुए. जैकब बेथेल अच्छी शुरुआत का फायदा उठाने में नाकाम रहे और 27 रन बनाने के बाद कॉर्बिन बॉश का शिकार बने.

क्रुणाल पांड्या ने खेली शानदार पारी

जितेश शर्मा 12 गेंदों में 18 रन बनाकर आउट हुए, जबकि टिम डेविड को कॉर्बिन बॉश ने पहली ही गेंद पर रयान रिकेल्टन के हाथों कैच कराकर पवेलियन भेजा, मगर क्रुणाल पांड्या ने एक छोर से शानदार बल्लेबाजी की और 46 गेंदों में 73 रनों की लाजवाब पारी खेली. अपनी इस पारी में क्रुणाल ने चार चौके और पांच छक्के लगाए. क्रुणाल पैर में क्रैंप के बाद भी बल्लेबाजी करते रहे और टीम को जीत के दरवाजे तक पहुंचाया.

आखिरी ओवर में दिखा जबरदस्त रोमांच

आखिरी ओवर में जीत के लिए आरसीबी को 15 रन बनाने थे, राज बावा की पहली गेंद वाइड, फिर नो बॉल रही, फिर इसमें एक रन बना. फिर दो गेंद वाइड हुई और इसमें कोई रन नहीं बना. तीसरी गेंद में शेफर्ड आउट हो गए और भुवनेश्वर क्रीज पर उतरे. चौथी गेंद फिर वाइड हुई और फिर भुवनेश्वर ने इसमें छक्का जड़ दिया. पांचवीं गेंद पर एक रन बना जिससे अंतिम गेंद पर दो रन चाहिए थे. रसिख सलाम (नाबाद 03) और भुवनेश्वर (सात रन) ने भागकर दो रन लेकर स्टेडियम में मौजूद आरसीबी के प्रशंसकों के साथ विराट कोहली और साथी खिलाड़ियों को खुशी से झूमने का मौका दिया.

गेंदबाजी में मुंबई इंडियंस की तरफ से कॉर्बिन बॉश ने 26 रन देकर 4 विकेट चटकाए, जबकि दीपक चाहर ने दो विकेट अपने नाम किए.

IPL 2026: उर्विल पटेल ने 13 बॉल में जड़ा अर्धशतक, चेन्नई ने मजबूत की प्लेऑफ की उम्मीदें

भुवनेश्वर कुमार के आगे मुंबई इंडियंस का सरेंडर

इससे पहले भुवनेश्वर कुमार की घातक गेंदबाजी के आगे मुंबई इंडियंस ने 20 ओवर में 7 विकेट खोकर 166 रन बनाए. मुंबई इंडियंस की शुरुआत खराब रही और रयान रिकेल्टन को भुवनेश्वर कुमार ने पहले ही ओवर में दो रनों के स्कोर पर आउट किया. रोहित शर्मा 10 गेंदों में 22 रन बनाने के बाद आउट हुए. सूर्यकुमार यादव की खराब फॉर्म इस मुकाबले में भी जारी रही और वह बिना खाता खोले आउट हुए. भुवनेश्वर कुमार ने दो लगातार गेंदों पर रोहित शर्मा और सूर्य कुमार यादव को आउट कर दिया.

हालांकि इसके बाद नमन धीर और तिलक वर्मा ने चौथे विकेट के लिए 57 गेंदों में 82 रनों की साझेदारी निभाई और मुंबई की वापसी कराने की कोशिश की. नमन 32 गेंदों में 47 रन बनाकर आउट हुए, उनका विकेट रसिख सलाम के नाम रहा. जबकि तिलक ने 42 गेंदों में 3 चौकों और 2 छक्कों की मदद से 57 रन बनाए. भुवनेश्वर कुमार ने तिलक वर्मा को आउट कर अपना चौथा विकेट हासिल किया. भुवनेश्वर कुमार ने 23 रन देकर 4 विकेट झटके, उन्होंने 12 डॉट गेंद फेंकी. वहीं, जोश हेजलवुड, रसिख सलाम और रोमारियो शेफर्ड ने एक-एक विकेट अपने नाम किया.

Editor's Pick