डेरेन लेहमन को मिली बड़ी जिम्मेदारी, बने ब्रिसबेन हीट के कोच
डेरेन लेहमन ने बॉल टैंपरिंग विवाद के बाद ऑस्ट्रेलिया के कोच पद से इस्तीफा दे दिया था।
Published On Mar 06, 2019, 04:31 PM IST
Last UpdatedMar 06, 2019, 04:31 PM IST
Darren Lehmann (File Photo) @ AFP
बॉल टैंपरिंग विवाद के बाद ऑस्ट्रेलिया के कोच पद से इस्तीफा देने वाले पूर्व बल्लेबाज डेरेन लेहमन ने एक बार फिर क्रिकेट की दुनिया में वापसी की है। लेहमन अब बिग बैश लीग (बीबीएल) में कोचिंग की जिम्मेदारी निभाते नजर आएंगे। बीबीएल फ्रेंचाइजी ब्रिसबेन हीट ने लेहमन को कोच पद पर नियुक्त किया है।
पढ़ें:- विराट बोले, धोनी-रोहित ने विजय शंकर को 46वें ओवर में गेंद देने से रोका था
पिछले साल मार्च में ऑस्ट्रेलिया टीम के साउथ अफ्रीका दौरे के दौरान बॉल टैंपरिंग विवाद सामने आया था। बल्लेबाज कैमरून बैनक्रॉफ्ट को कैमरे में गेंद से छेड़छाड़ करते हुए देखा गया था। बाद में तत्कालीन कप्तान स्टीवन स्मिथ ने ये बात स्वीकार की थी कि उन्होंने डेविड वार्नर के साथ मिलकर गेंद से छेड़खानी की थी।
क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने स्मिथ, वार्नर पर एक-एक साल का बैन लगाया था, जबकि बैनक्रॉफ्ट पर नौ महीने का बैन लगा। स्मिथ-वार्नर पर लगा बैन इसी महीने के अंत में खत्म हो रहा है। इस मामले में कोच डेरेन लेहमन की कोई भूमिका नहीं थी। हालांकि साउथ अफ्रीका दौरे से लौटने के बाद उन्होंने भी कोच पद से इस्तीफा दे दिया था।
पढ़ें:- 500 वनडे मैच जीतने वाली वर्ल्ड की दूसरी टीम बनी टीम इंडिया
कोच पद से हटने के बाद से ही लेहमन फोक्स क्रिकेट के लिए रेडियो कमेंट्री कर रहे थे। उन्होंने मैक्वेरी स्पोर्ट्स रेडियो के लिए भी कमेंट्री की। लेहमन कई बार दोबारा कोच की भूमिका में आने की इच्छा जता चुके थे। बीबीएल 2012-13 के दौरान भी लेहमन ब्रिसबेन हीट के कोच रह चुके हैं। उनकी कोचिंग में फ्रेंचाइजी खिताब जीतने में कामयाब रही थी।