• Home
  • News
  • big blow for delhi capitals ahead of ipl 2026 ben duckett pulls out of the season

आईपीएल 2026: दिल्ली को 'धोखा' देने की कड़ी सजा भुगतेंगे बेन डकेट, लिया जाएगा बड़ा ऐक्शन

इंग्लैंड के बल्लेबाज बेन डकेट ने आईपीएल 2026 से अपना नाम वापस ले लिया है. इसके लिए उन्होंने इंग्लैंड के लिए खेलते रहने पर अपना ध्यान केंद्रित करने की वजह बताई है.

Edited By : Bharat Malhotra |Mar 24, 2026, 11:14 PM IST

Published On Mar 24, 2026, 11:14 PM IST

Last UpdatedMar 24, 2026, 11:14 PM IST

बेन डकेट ने आईपीएल 2026 से नाम वापस लिया.

नई दिल्ली: दिल्ली कैपिटल्स को इंडियन प्रीमियर लीग 2026 के शुरू होने से पहले ही बड़ा झटका लगा है. इंग्लैंड के विकेटकीपर बल्लेबाज बेन डकेट ने 28 मार्च से शुरू होने वाले सीजन से अपना नाम वापस ले लिया है. डकेट ने कहा है कि उनका ध्यान राष्ट्रीय टीम के लिए खेलने पर है.

डकेट को इस फैसले की कड़ी सजा भी भुगतनी होगी. वह आईपीएल की अगली दो नीलामी में भी अपना नाम नहीं दे सकेंगे. इसके मायने हैं कि वह आईपीएल 2027 और 2028 में भी नहीं खेल पाएंगे. आईपीएल से बहुत कम नोटिस में बाहर होने वाले खिलाड़ियों को आने वाले दो साल के लिए बैन कर दिया जाता है. पिछले साल ही आईपीएल ने यह नियम लागू किया था.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

बेन डकेट ने बताई आईपीएल 2026 से हटने की क्या वजह

डकेट ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर लिखा, ‘मैंने आईपीएल से हटने का बेहद मुश्किल फैसला लिया है. मैंने इस बारे में काफी सोचा है. यह आसान निर्णय नहीं था. इंग्लैंड का प्रतिनिधित्व करना मेरा बचपन से सपना रहा है. मैं इंग्लिश क्रिकेट को अपना सब कुछ देना चाहता हूं. ऐसा करने के लिए, मुझे यह सुनिश्चित करना होगा कि गर्मियों से पहले मैं शारीरिक और मानसिक रूप से अपनी सबसे अच्छी स्थिति में रहूं.’

डकेट ने कहा, ‘मैं दिल्ली में मौजूद सभी लोगों से तहे दिल से माफी मांगना चाहूंगा. मैं सचमुच इस फ्रेंचाइजी का प्रतिनिधित्व करने के अवसर को लेकर बहुत उत्साहित था. मैं पूरी तरह समझता हूं कि एक टीम बनाने में कितना समय और योजना लगती है. मेरे इस फैसले से होने वाली किसी भी तरह की परेशानी के लिए मैं माफी चाहता हूं. मैं सभी प्रशंसकों से भी माफी मांगना चाहूंगा, क्योंकि मैं जानता हूं कि दिल्ली में हर किसी के लिए यह कितना मायने रखता है.’

दिल्ली कैपिटल्स के पास डकेट का क्या है विकल्प

दिल्ली कैपिटल्स ने बेन डकेट को 2 करोड़ रुपए में साइन किया था. टीम के पास श्रीलंका के पथुम निसांका के रूप में एक विदेशी ओपनिंग विकल्प भी मौजूद है. लेकिन टीम का कॉम्बिनेशन जरूर बिगड़ गया है.

बेन डकेट अंतरराष्ट्रीय स्तर पर 43 टेस्ट मुकाबलों में 6 शतक और 16 अर्धशतक के साथ 3,555 रन बना चुके हैं. इसके अलावा, उन्होंने 34 वनडे मुकाबलों में 3 शतक और 9 अर्धशतक के साथ 1,345 रन बनाए हैं. 21 टी20 मुकाबलों में डकेट 527 रन जुटा चुके हैं. दाएं हाथ का यह खिलाड़ी बिग बैश लीग के साथ पाकिस्तान सुपर लीग में भी नजर आ चुका है.

इंग्लैंड के लिए खेलते रहना चाहते हैं डकेट

हाल ही में डेली टेलिग्राफ को दिए एक इंटरव्यू में डकेट ने कहा था कि जब तक हो सकेगा वह किसी भी कीमत पर इंग्लैंड के लिए तीनों फॉर्मेट खेलना चाहते हैं. और वह इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए खुद को तैयार रखने के लिए कुछ भी करेंगे.

उन्होंने कहा था, ‘यह एक ऐसा फैसला था जो मैंने करीब 10 साल पहले लिया था. यह मेरे करियर का अहम लम्हा था और यह सही फैसला था.’

इंग्लैंड की टीम हाल ही में ऑस्ट्रेलिया में हुई एशेज सीरीज के दौरान विवादों में रही थी जब खिलाड़ियों के बहुत ज्यादा शराब पीने की खबर सामने आई थी.

BM

Bharat Malhotra

Bharat Malhotra अभी cricketcountry.com की हिंदी टीम को लीड कर रहे हैं. भारत के पास डिजिटल मीडिया में करीब 17 साल का अनुभव है. ज्यादातर वक्त क्रिकेट पर लिखते, समीक्षा करते और समझते हुए बीता है. साल 2008 में IPL के साथ करियर की शुरुआत हुई. तब Iplnewsonline.com की शुरुआती टीम का हिस्सा रहे. इसके बाद हिंदीलोक डॉट कॉम की जिम्मेदारी लंबे वक्त तक अकेले ही संभाली. फिर प्लानमैन मीडिया की TheSundayIndian.com की हिंदी वेबसाइट को लीड किया. भारत मल्होत्रा के सफर का अगला पड़ाव दैनिक जागरण की हेल्थ वेबसाइट ओन्ली माई हेल्थ रहा. यहां करीब ढाई साल तक हिंदी वेबसाइट की अगुआई की. इस दौरान साइट को नए सिरे से तैयार करना. इसके कॉन्टेंट और स्ट्रक्चर में बड़े पैमाने पर सुधार किया. नतीजा, उस दौरान यह हेल्थ के क्षेत्र में भारत की नंबर वन वेबसाइट बनी. यहां संपादकीय के साथ-साथ प्रॉडक्ट, तकनीक और सर्च इंजन ऑप्टिमाइजेशन में भी सहयोग दिया. फरवरी 2015 में भारत मल्होत्रा NBT.in से जुड़े. यहां 7 साल से अधिक समय तक स्पोर्टस टीम के लीड रहे. इस दौरान क्रिकेट वर्ल्ड कप 2019 और फीफा वर्ल्ड कप, टी20 वर्ल्ड कप, कई IPL सीजन, ओलिंपिक 2016 और 2020, एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स जैसे बड़े आयोजनों में टीम की अगुआई की.

Editor's Pick