अफगानिस्तान सीरीज से पहले हार्दिक पंड्या से जुड़ा बड़ा अपडेट आया सामने, वनडे सीरीज के लिए फिट हुआ ऑलराउंडर
हार्दिक पंड्या के सेहत के बारे में बड़ा अपडेट आया है. यह सीनियर ऑलराउंडर आईपीएल में चोटिल हो गया था. अब बीसीसीआई की मेडिकल टीम से हार्दिक को खेलने के लिए हरी झंडी मिल गई है.
Published On Jun 09, 2026, 02:26 PM IST
Last UpdatedJun 09, 2026, 02:26 PM IST
हार्दिक पंड्या की चोट पर आया बड़ा अपडेट
मुल्लांपुर: अफगानिस्तान के खिलाफ वनडे सीरीज से पहले भारत के लिए बड़ी खुशखबरी मिली है. टीम के स्टार ऑलराउंडर हार्दिक पंड्या फिट हो गए हैं. भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड यानी बीसीसीआई के सेंटर ऑफ एक्सीलेंस (सीओई) की स्पोर्ट्स साइंस की टीम ने पंड्या को खेलने की इजाजत दे दी है. रविवार से अफगानिस्तान के खिलाफ तीन वनडे इंटरनेशनल मैचों की सीरीज खेली जाएगी. और हार्दिक इसमें खेलते हुए नजर आएंगे.
हार्दिक पंड्या की पीठ मे ऐंठन आ गई थी. और इसी वजह से मुंबई इंडियंस के लिए आईपीएल में भी कई मुकाबले नहीं खेल पाए थे. वह बीते एक सप्ताह यानी 2 जून से सेंटर फॉर एक्सीलेंस में हैं.
समाचार एजेंसी पीटीआई ने अपने सूत्रों के हवाले से बताया, ‘दो जून को सीओई में आने से पहले हार्दिक विदेश में छुट्टियां मना रहे थे। अगले पांच दिन में उन्होंने मैच जैसी कई स्थितियों में तैयारी की और 10 ओवर (पूरा कोटा) तक गेंदबाजी भी की.’ सूत्र ने कहा, ‘उन्हें कोई परेशानी नहीं हुई और जानकारी के मुताबिक सीओई में स्ट्रेंथ और अनुकूलन कोच ने अलग-अलग पैमानों पर उनकी फिटनेस को मंजूरी दे दी है.’
सोमवार को भारत के सहायक कोच सितांशु कोटक ने कहा था कि भले ही उनके पास पंड्या की फिटनेस के बारे में कोई ताजा जानकारी नहीं है लेकिन उन्हें लगता है कि यह ऑलराउंडर ठीक है.
पंड्या भारत की सीमित ओवरों की टीम के लिए एक अहम खिलाड़ी हैं क्योंकि वह अपनी तेज गेंदबाजी और डेथ ओवरों में आक्रामक बल्लेबाजी से टीम को संतुलन देते हैं. अगर हार्दिक टीम में न हों तो उनकी जगह दो खिलाड़ियों को शामिल करना पड़ जाता है. सबसे अच्छी बात यह है कि पंड्या ट्रेनिंग सेशन में 10 ओवर गेंदबाजी कर रहे हैं जिसका मतलब है कि वह 50 ओवर के क्रिकेट की चुनौतियों के लिए तैयार हैं.
हालांकि यह साफ नहीं है कि पंड्या चंडीगढ़ में फ्लड लाइट में टीम के प्रैक्टिस सेशन में पहुंचेंगे या फिर सीधा धर्मशाला में टीम के साथ जुड़ेंगे. पहले से यही तय था कि हार्दिक धर्मशाला में ही जुड़ेंगे. इस बीच पूर्व कप्तान रोहित शर्मा भी सीओई में अपने पैर की मांसपेशियों में खिंचाव की तकलीफ की जांच करवा रहे हैं जिसके कारण वह हाल ही में हुए आईपीएल में मुंबई इंडियन्स के लिए कई मैच नहीं खेल पाए थे.