add cricketcountry as a Preferred Source
Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source
×

'चैंपियंस ट्रॉफी भी बहुत ज्यादा मायने नहीं रखती', भारत की न्यूजीलैंड के खिलाफ हार के बाद बोले संजय मांजरेकर

भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में हार मिली है. लेकिन पूर्व भारतीय खिलाड़ी संजय मांजरेकर का कहनाै है कि द्विपक्षीय वनडे सीरीज बहुत ज्यादा मायने नहीं रखती हैं. यहां तक मांजरेकर ने चैंपियंस ट्रॉफी को भी ज्यादा अहमियत नहीं दी.

user-circle cricketcountry.com Written by Bharat Malhotra
Last Updated on - January 20, 2026 12:38 PM IST

भारत को न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज में हार का सामना करना पड़ा. यह पहला मौका था जब न्यूजीलैंड ने भारत को उसी के घर में द्विपक्षीय वनडे सीरीज में हराया हो. इसके बाद टीम इंडिया के खेल से लेकर कप्तान शुभमन गिल तक आलोचकों के निशाने पर आ गए. हालांकि भारत के पूर्व बल्लेबाज संजय मांजरेकर का कहना है कि भारत की इस हार के ज्यादा मायने नहीं निकालने चाहिए. उन्होंने कहा कि आज के दौर में द्विपक्षीय सीरीज का बहुत ज्यादा महत्त्व नहीं होता है. उन्होंने कहा कि अब सिर्फ वर्ल्ड कप को ही अहमियत देनी चाहिए.

भारत ने न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज का पहला मैच जीता था. लेकिन इसके बाद उसे लगातार दो मैचों में हार का सामना करना पड़ा. न्यूजीलैंड की टीम में कई ऐसे खिलाड़ी थे जिन्हें अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट का ज्यादा अनुभव नहीं था लेकिन उसने भारत पर ऐतिहासिक जीत दर्ज की.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

मांजरेकर ने अपने इंस्टाग्राम हैंडल पर लिखा-

‘सच कहूं तो आज के दौर में 50 ओवर के क्रिकेट में सिर्फ वर्ल्ड कप मायने रखते हैं, चैंपियंस ट्रॉफी भी नहीं. क्योंकि अगर आप याद करने की कोशिश करें कि पिछली तीन चैंपियंस ट्रॉफी के विजेता कौन थे तो आपको इसमें संघर्ष करना पड़ सकता है. लेकिन अगर आप 50 ओवर के वर्ल्ड कप विजेताओं को याद करेंगे तो आपको जब से यह शुरू हुआ है तब से हर विजेता का नाम याद होगा. तो हां, अगर आपको कोई हार मिलती है और कोई प्रदर्शन खराब होता है तो अगला वर्ल्ड कप आने से पहले उसमें सुधार कर लेना चाहिए.’

1975-2023 तक वनडे वर्ल्ड कप जीतने वाली सभी टीमें

वर्ल्ड कपविजेताउपविजेता
11975वेस्टइंडीजऑस्ट्रेलिया
21979वेस्टइंडीजइंग्लैंड
31983भारतवेस्टइंडीज
41987ऑस्ट्रेलियाइंग्लैंड
51992पाकिस्तानइंग्लैंड
61996श्रीलंकाऑस्ट्रेलिया
71999ऑस्ट्रेलियापाकिस्तान
82003ऑस्ट्रेलियाभारत
92007ऑस्ट्रेलियाश्रीलंका
102011भारतश्रीलंका
112015ऑस्ट्रेलियान्यूजीलैंड
122019इंग्लैंडन्यूजीलैंड
132023ऑस्ट्रेलियाभारत

उन्होंने आगे कहा, ‘आप वर्ल्ड कप के लिए क्वॉलिफाइ कर चुके हैं और होने वाली द्विपक्षीय सीरीज ज्यादातर वॉर्म-अप मैचों की तरह होती हैं और किसी को इसके ज्यादा मायने नहीं निकालने चाहिए. दरअसल इन द्विपक्षीय सीरीज की अहमियत बस इतनी रह गई है कि दो सप्ताह बाद किसी भी क्रिकेट फैन को द्विपक्षीय सीरीज के परिणाम भी याद नहीं होंगे. अब सिर्फ वर्ल्ड कप की बात है और वर्ल्ड कप की शुरुआत से पहले किसका क्या फॉर्म है यह इस बात का बड़ा संकेत नहीं होता कि कौन यह वर्ल्ड कप जीतने वाला है.’

न्यूजीलैंड के खिलाफ भारत की इस हार के बाद मुख्य कोच गौतम गंभीर और कप्तान शुभमन गिल आलोचकों के निशाने पर हैं. पिछले साल चैंपियंस ट्रॉफी जीतने के बाद भारत को तीन में से दो वनडे इंटरनेशनल द्विपक्षीय सीरीज में हार का सामना करना पड़ा है. पहले ऑस्ट्रेलिया दौरे पर वह 1-2 से हारा था. हालांकि इसके बाद उसने साउथ अफ्रीका को वनडे सीरीज में हराया था.

चैंपियंस ट्रॉफी जीतने वाली सभी टीमों की लिस्ट

वर्षविजेताउपविजेता
11998साउथ अफ्रीकावेस्टइंडीज
22000न्यूजीलैंडभारत
32002भारत/श्रीलंका (संयुक्त विजेता)
42004वेस्टइंडीजइंग्लैंड
52006ऑस्ट्रेलियावेस्टइंडीज
62009ऑस्ट्रेलियान्यूजीलैंड
72013भारतइंग्लैंड
82017पाकिस्तानभारत
92025भारतन्यूजीलैंड

मांजरेकर ने द्विपक्षीय सीरीज की कम अहमियत पर ध्यान दिलाते हुए 2003 और 1992 के उदाहरण दिए. साल 2003 का वर्ल्ड कप शुरू होने से पहले भारत को न्यूजीलैंड में वनडे सीरीज में 2-5 से हार का सामना करना पड़ा था. हालांकि भारत की टीम उस वर्ल्ड कप के फाइनल तक पहुंची थी. टीम ने पूरे टूर्नामेंट में सिर्फ दो मैच हारे थे. और वे दोनों मैचों में ऑस्ट्रेलिया ने ही उसे शिकस्त दी थी.