• Home
  • News
  • Blair Tickner Shine NewZealand beat Bangladesh by 26 runs in 1st ODI

BAN VS NZ: ब्लेयर टिकनर ने चटकाए चार विकेट, न्यूजीलैंड ने पहले वनडे में बांग्लादेश को हराया

न्यूजीलैंड से मिले 248 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की पूरी टीम 48.3 ओवर में 221 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.

Edited By : Akhilesh Tripathi |Apr 17, 2026, 08:43 PM IST

Published On Apr 17, 2026, 08:43 PM IST

Last UpdatedApr 17, 2026, 08:43 PM IST

NZ VS BAN 1st ODI

NZ VS BAN 1st ODI

NZ VS BAN 1st ODI: ब्लेयर टिकनर और नाथन स्मिथ की घातक गेंदबाजी से न्यूजीलैंड ने बांग्लादेश को शुक्रवार को पहले वनडे मुकाबले में 26 रनों से हरा दिया. शेर-ए-बांग्ला क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए मैच में न्यूजीलैंड से मिले 248 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए बांग्लादेश की पूरी टीम 48.3 ओवर में 221 रन बनाकर ऑलआउट हो गई.

इस जीत के साथ न्यूजीलैंड की टीम ने तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त हासिल कर ली है. सीरीज का दूसरा मैच 20 अप्रैल को खेला जाएगा.

Add Cricket Country as a Preferred Source add cricketcountry as a preferred source

सैफ हसन और लिटन दास ने की 93 रन की साझेदारी

248 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश की शुरुआत अच्छी नहीं रही. तंजीद हसन छह गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ दो रन ही बना सके. वहीं, नजमुल हुसैन शांतो बिना खाता खोले नाथन स्मिथ की गेंद पर क्लीन बोल्ड हुए, हालांकि, इसके बाद सैफ हसन और लिटन दास ने टीम की लड़खड़ाती हुई पारी को संभाला और तीसरे विकेट के लिए 116 गेंदों में 93 रनों की साझेदारी निभाई, सैफ ने 76 गेंदों का सामना करते हुए 57 रन बनाए, अपनी इस पारी में उन्होंने 8 चौके और एक छक्का लगाया. वहीं, लिटन दास ने 68 गेंदों में 3 चौके की मदद से 46 रन बनाए.

तौहीद हृदोय ने भी लगाया अर्धशतक, मगर लक्ष्य से दूर रह गई बांग्लादेश की टीम

तौहीद हृदोय भी बेहतरीन लय में दिखाई दिए और उन्होंने 60 गेंदों का सामना करते हुए 55 रनों की दमदार पारी खेली, हृदोय ने अपनी इस पारी में दो चौके और दो छक्के लगाए. अफीफ हुसैन ने 27 रनों का योगदान दिया, तो कप्तान मेहदी हसन मिराज छह रन ही बना सके. रिशाद हुसैन (4 रन) और शोरिफुल इस्लाम (0) भी बल्ले से कुछ खास योगदान नहीं दे सके. गेंदबाजी में न्यूजीलैंड की ओर से ब्लेयर टिकनर ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 10 ओवर में सिर्फ 40 रन देकर 4 विकेट अपने नाम किए. वहीं, नाथन स्मिथ ने 45 रन देकर 3 विकेट चटकाए.

हेनरी निकोल्स- डीन फॉक्सक्रॉफ्ट के अर्धशतक से न्यूजीलैंड ने बनाए 247 रन

इससे पहले टॉस जीतकर बल्लेबाजी करने उतरी न्यूजीलैंड की शुरुआत अच्छी नहीं रही. निक केली 23 गेंदों का सामना करने के बाद सिर्फ 7 रन ही बना सके. विल यंग और हेनरी निकोल्स ने दूसरे विकेट के लिए 73 रन जोड़े. यंग ने 42 गेंदों का सामना करते हुए 30 रन बनाए. कप्तान टॉम लाथम का प्रदर्शन बल्ले से निराशाजनक रहा और वह 14 रन ही बना सके, जबकि मोहम्मद अब्बास भी 14 रन ही बना सके. निकोल्स एक छोर संभालकर खड़े रहे और उन्होंने 83 गेंदों में 68 रनों की दमदार पारी खेली, अपनी इस पारी में उन्होंने 9 चौके लगाए.

वहीं, डीन फॉक्सक्रॉफ्ट ने 58 गेंदों में 59 रन बनाए, जिसके दम पर न्यूजीलैंड की टीम 50 ओवर में 8 विकेट खोकर 247 रन बनाने में सफल रही. गेंदबाजी में बांग्लादेश की तरफ से तस्कीन अहमद, रिशाद हुसैन और शोरिफुल इस्लाम ने दो-दो विकेट चटकाए.

Editor's Pick