- क्रिकेट न्यूज़
- News
- Boxing day test watching ajinkya rahane bat was immensely educative says shubman gill 4292976
Boxing Day Test: 'जिस तरह से अजिंक्य भाई खेले, वह लाजवाब पारी थी'
21 वर्षीय भारतीय ओपनर शुबमन गिल ने पहली पारी में 45 रन बनाए
Published On Dec 27, 2020, 05:11 PM IST
Last UpdatedDec 27, 2020, 05:11 PM IST
भारतीय क्रिकेट टीम ने ऑस्ट्रेलिया (India vs Australia) के खिलाफ बॉक्सिंग डे टेस्ट (Boxing Day Test) के दूसरे दिन अपनी पहली पारी में 5 विकेट पर 277 रन बनाकर 82 रन की बढ़त ले ली है. कार्यवाहक कप्तान अजिंक्य रहाणे (Ajinkya Rahane) 104 रन बनाकर नाबाद हैं जबकि डेब्यूटेंट शुबमन गिल (Shubman Gill) 45 रन बनाकर आउट हुए.
गिल ने कहा कि कप्तान अजिंक्य रहाणे की शानदार शतकीय पारी से उन्होंने खतरनाक गेंदबाजी आक्रमण के सामने डटकर बल्लेबाजी करने के बारे में सीखा.
शुबमन ने मैच के बाद ऑनलाइन संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘यह धैर्य वाली पारी है और अधिक महत्वपूर्ण बात यह है कि जब आप इतने शानदार आक्रमण के खिलाफ खेल रहे होते हैं, तो कभी-कभी आप ऐसे स्थिति में आ जाते है जब रन नहीं बनते है. जिस तरह से अजिंक्य भाई खेले, वह बाहर से देखने में लाजवाब पारी थी. ’
शुबमन ने कहा, ‘ उन्होंने यह दिखाया की मुश्किल समय का सामना कैसे करना है. उन्होंने यह भी सुनिश्चित किया कि कमजोर गेंदों के खिलाफ रन बनाये जाए. ’
रहाणे अभी क्रीज पर मौजूद है और भारतीय टीम ने अब तब 82 रन की बढ़त हासिल कर ली है. शुबमन ने कहा कि टीम इसके भुनाने की कोशिश करेंगी क्योंकि इस पिच पर तीसरे दिन से बल्लेबाजी करना मुश्किल होगा.
उन्होंने कहा, ‘पहले दिन रविचंद्रन अश्विन और रवींद्र जडेजा की गेंद स्पिन हुई, आज भी नेथन लियोन की गेंद को स्पिन मिल रहा था. ऐसे में समय के साथ पिच की दरार बढ़ेंगी और बल्लेबाजों के लिए परिस्थितियां चुनौतीपूर्ण होगी. ’
पारी का आगाज करते हुए 65 गेंद में 45 रन बनाने वाले शुबमन ने कहा, ‘यह जरूरी है कि इस बढ़त को भुनाया जाए और ऑस्ट्रेलिया को दूसरी पारी में जल्द से आउट किया जाए.
‘जब मैं बल्लेबाजी के लिए उतरा तो पिच से गेंदबाजों को मदद मिल रही थी’
इस 21 साल के बल्लेबाज ने कहा, ‘जब मैं बल्लेबाजी के लिए उतरा तो पिच से गेंदबाजों को मदद मिल रही थी लेकिन मैंने खुद से कहा कि पिच जैसी भी हो मैं अपना खेल खेलूंगा. ’
शुभमन ने कहा कि नेट सत्र पर उच्च स्तर के भारतीय गेंदबाजों का सामना करने से उनका आत्मविश्वास काफी बढ़ा.
इस मैच से टेस्ट में पदार्पण करने वाले इस खिलाड़ी ने कहा, ‘मैं पिछली चार-पांच टेस्ट श्रृंखला के टीम के साथ यात्रा कर रहा हूं. इससे मुझे काफी मदद मिली है. नेट पर जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद शमी और उमेश यादव जैसे गेंदबाजों का सामना करने से युवा खिलाड़ी का आत्मविश्वास काफी बढ़ता है. जब मैं इस टेस्ट में बल्लेबाजी के लिए उतरा तो मुझे कुछ भी नया नहीं लगा. ’
4 मैचों की टेस्ट सीरीज में टीम इंडिया 0-1 से पीछे है.