साल 2011 में कोच्चि तस्कर्स से खेले, Brad Hodge को आज तक नहीं मिला बकाया
ब्रैड हॉज ने कोच्चि के लिए 14 मुकाबले खेले और 35.63 के औसत से 285 रन बनाए थे, लेकिन उन्हें 10 सालों से बकाया नहीं मिला है.
Published On May 24, 2021, 08:33 PM IST
Last UpdatedMay 24, 2021, 08:33 PM IST
ऑस्ट्रेलिया के पूर्व बल्लेबाज ब्रैड हॉज (Brad Hodge) ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) से आईपीएल 2011 के सीजन में कोच्चि तस्कर्स केरला के लिए दी गई उनकी सर्विस का बकाया चुकाने के लिए कहा है. हॉज ने अपने ट्विटर हैंडल पर कहा, “खिलाड़ियों का अभी भी 35 फीसदी बकाया बचा है जो इन्हें 10 साल पहले कोच्चि के लिए खेलते हुए मिलना था. बीसीसीआई क्या यह राशि मिलने की कोई उम्मीद है.”
हॉज ने कोच्चि के लिए 14 मुकाबले खेले और 35.63 के औसत से 285 रन बनाए थे. बीसीसीआई ने एक सीजन के बाद ही कोच्चि की फ्रेंचाइजी को निलंबित कर दिया था और वह 2012 के सीजन में भाग नहीं ले सकी थी क्योंकि उनके मालिक फ्रेंचाइजी फीस के 10 फीसदी बैंक गारंटी का भुगतान नहीं कर सके थे.
Players are still owed 35% of their money earned from ten years ago from the @IPL representing Kochi tuskers. Any chance @BCCI could locate that money?
— Brad Hodge (@bradhodge007) May 24, 2021
कोच्चि को 1550 करोड़ रुपये में खरीदा गया था और मालिक को बैंक गारंटी के रूप में हर साल 156 करोड़ रुपये प्रति वर्ष देने थे लेकिन वह इसका भुगतान नहीं कर सकी थी.
भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) आईपीएल के 14वें सीजन के बाकी मैचों को सितंबर में आयोजित करने पर विचार कर रहा है. हालांकि बीसीसीआई की ओर से इस पर कोई अधिकारिक बयान नहीं आया है.
क्रिकबज की रिपोर्ट के अनुसार, विंडो की जानकारी रखने वाले एक अधिकारी ने कहा था कि बीसीसीआई सीजन के बाकी बचे 31 मैचों के लिए सितंबर की विंडो पर तलाश रहा है. उन्होंने कहा, “सितंबर की विंडो पर विचार किया जा रहा है. उस समय भारत और इंग्लैंड के बीच सीरीज भी खत्म हो जाएगी और विदेशी खिलाड़ी टी-20 विश्व कप के लिए तैयार हो सकते हैं.”