अपने ही देश के खिलाड़ी की विरोध में आए ब्रेट ली, कहा- कोहली बनाएंगे खूब रन
भारत को नवंबर महीने से ऑस्ट्रेलिया का दौरा करना है।
Published On Jul 16, 2018, 05:23 PM IST
Last UpdatedJul 16, 2018, 05:23 PM IST
Virat Kohli, Brett Lee © Getty Image, IANS
ऑस्ट्रेलिया की धरती पर भारत के साथ होने वाली मोस्ट अवेटेड सीरीज को अभी करीब चार महीने का वक्त बचा है। इस सीरीज से पहले ही बयानबाजी का दौर अपने चरम पर पहुंचने लगा है। पहले तेज गेंदबाज पैट कमिंस की तरफ से बयान आया कि ऑस्ट्रेलिया दौरे पर विराट कोहली एक भी शतक नहीं बना पाएंगे। अब इस कड़ी में पूर्व तेज गेंदबाज ब्रेट ली का नाम भी जुड़ गया है।
कोहली हैं रनों के भूखे
ब्रेट ली ने फॉक्स स्पोर्ट्स क्रिकेट से बातचीत के दौरान कहा, ” विराट कोहली को अभी काफी कुछ साबित करना बाकी है, वो ऑस्ट्रेलिया दौरे पर ऐसा करके दिखाएंगे। ब्रेट ली फॉक्स स्पोर्ट्स क्रिकेट के साथ कमेंटेटर के रूप में जुड़ गए हैं। उन्होंने बातचीत के दौरान कहा, “मैंने कोहली की तरह रनों का भूखा खिलाड़ी पहले कभी नहीं देखा है। मुझे लगता है कि कोहली इस सीरीज के दौरान शतक बनाएंगे।”
पिछले दौरे पर लगाए थे चार शतक
विराट कोहली ने साल 2014-15 में ऑस्ट्रेलियाई दौरे के दौरान चार शतक बनाए थे। वो भारत की तरफ से सबसे ज्यादा रन बनाने वाले खिलाड़ी थे। कोहली के बल्ले से कुल 692 रन बने थे। मौजूदा इंग्लैंड दौरे पर अबतक टी-20 और वनडे सीरीज में कोहली कुछ खास नहीं कर पाए हैं। उम्मीद की जा रही है कि एक अगस्त से इंग्लैंड के खिलाफ शुरू होने वाली पांच मैचों की टेस्ट सीरीज के दौरान वो अच्छा प्रदर्शन करेंगे।